Nishant Kumar is 44 not 50 years old Ashok Choudhary reveals Nitish son correct date of birth 50 नहीं, 44 साल के हैं निशांत कुमार; अशोक चौधरी ने बताई नीतीश के बेटे की सही जन्मतिथि, Bihar Hindi News - Hindustan
More

50 नहीं, 44 साल के हैं निशांत कुमार; अशोक चौधरी ने बताई नीतीश के बेटे की सही जन्मतिथि

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की उम्र को लेकर कंफ्यूजन है। अब जदयू के वरीय नेता एवं मंत्री अशोक चौधरी ने निशांत की सही जन्मतिथि और उम्र बताई है। 

Sat, 14 March 2026 05:33 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
50 नहीं, 44 साल के हैं निशांत कुमार; अशोक चौधरी ने बताई नीतीश के बेटे की सही जन्मतिथि

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने के बाद उनकी उम्र को लेकर कंफ्यूजन पैदा हो गया है। पहले दावा किया जाने लगा कि निशांत की उम्र 50 साल से ऊपर है। हालांकि, अब मंत्री अशोक चौधरी ने उनकी सही जन्म तारीख बताई है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि निशांत 50 नहीं बल्कि 44 साल के हैं। उनका जन्म 1975 नहीं, बल्कि 1981 में हुआ था।

जनता दल यूनाइटेड के वरीय नेता एवं बिहार सरकार में ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार की सही जन्मतिथि 20 जुलाई 1981 है और उनकी वर्तमान आयु 44 वर्ष है। उन्होंने मीडिया से इसी जन्मतिथि और आयु का उपयोग करने का अनुरोध किया। मंत्री ने कहा कि कुछ जगहों पर निशांत की गलत जन्मतिथि और आयु प्रकाशित की जा रही है।

दरअसल, निशांत कुमार के राजनीति में आने के बाद कई रिपोर्ट्स में उनकी उम्र 50 साल बताई गई थी। इंटरनेट पर भी निशांत कुमार की जन्मतिथि 20 जुलाई 1975 दिख रही है। गूगल सर्च करने पर विकिपीडिया पेज पर यही तारीख दिख रही है (खबर लिखे जाने तक)। हालांकि, अब जेडीयू नेता द्वारा निशांत की सही उम्र 44 साल बताई गई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:निशांत बोले- पिता की तरह जीतूंगा बिहार वालों का दिल, गांव पहुंचे नीतीश के बेटे

राजनीति में आए निशांत कुमार

अब तक सक्रिय राजनीति से दूर रहे नीतीश कुमार के बेटे ने पॉलिटिक्स में कदम रख लिया। उन्होंने पिछले दिनों जेडीयू की औपचारिक सदस्यता ग्रहण की। नीतीश राज्यसभा जाने का ऐलान कर चुके हैं। उनके राज्यसभा सांसद बनने के बाद बिहार में नया मुख्यमंत्री बनेगा। अप्रैल महीने में बिहार में एनडीए की नई सरकार के गठन की संभावना है।

इस बीच, निशांत की जेडीयू में एंट्री से कई अटकलें लगाई जा रही हैं। चर्चा है कि नई सरकार में उन्हें भी कोई पद मिल सकता है। हालांकि, पार्टी के नेता कह रहे हैं कि इस पर अभी कोई चर्चा नहीं हुई है। नीतीश कुमार ही इस पर फैसला लेंगे। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि निशांत की पार्टी और सरकार में क्या भूमिका होगी, यह शीर्ष नेतृत्व तय करेगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार का सीएम कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो; नीतीश के बेटे के लिए बन रहा माहौल?

निशांत ने नहीं की शादी

नीतीश के बेटे निशांत कुमार ने अभी तक शादी नहीं की है। जेडीयू की सदस्यता लेने के बाद निशांत पहली बार जब अपने पैतृक गांव नालंदा जिले के कल्याण बिगहा पहुंचे, तो स्थानीय महिलाओं ने उन्हें शादी करने और परिवार बढ़ाने की सलाह दे दी। हालांकि, निशांत ने इसका कोई जवाब नहीं दिया और सिर्फ मुस्कुरा दिए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:निशांत को मुख्यमंत्री बनाने की मांग तेज, 14 जदयू विधायकों ने बनाई 'टीम निशांत'
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।