बिहार चुनाव: दूसरे चरण की वोटिंग से 48 घंटे पहले नेपाल सीमा सील, केंद्रीय बलों की 1500 से अधिक कंपनियां तैनात
Bihar Elections: मतदान के 48 घंटे पहले चंपारण से किशनगंज तक भारत और नेपाल को जोड़ने वाली 700 किमी से अधिक लंबी सीमा को सील कर दिया गया है। बीएसएफ और पुलिस गश्ती और जांच अभियान चला रही हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान में सीमाई चुनौतियां, नक्सल प्रभाव को साधना पुलिस-प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होगी। इस कारण मतदान से 48 घंटे पहले ही नेपाल सीमा सील कर दी गई है। झारखंड और यूपी से लगी बिहार की सीमाओं पर चौकसी बढ़ा गई है। इस चरण में एक दर्जन जिले अंतरराष्ट्रीय या अंतरराज्यीय सीमाओं को साझा करते हैं। कुछ में नक्सलियों का भी आंशिक प्रभाव है। इसको देखते हुए राज्य सरकार और केंद्रीय एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं।
मतदान के 48 घंटे पहले चंपारण से किशनगंज तक भारत और नेपाल को जोड़ने वाली 700 किमी से अधिक लंबी सीमा को सील कर दिया गया है। बीएसएफ और पुलिस गश्ती और जांच अभियान चला रही हैं। झारखंड, यूपी और बंगाल से लगे जिलों में चौकसी बढ़ा दी गयी है। इन जिलों में 450 चौकियां बनाई गई हैं। पड़ोसी राज्य के जिलों में भी मिरर चेक पोस्ट बने हैं।
केंद्रीय बलों की 1500 से अधिक कंपनियां तैनात
केंद्रीय बलों (सीएपीएफ) की 1500 से अधिक कंपनियों को दूसरे चरण के सभी 20 जिलों में तैनात कर दिया गया है। इनके अलावा बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल (बी-सैप) की 50 कंपनियां, करीब 20 हजार प्रशिक्षु सिपाही और 22 हजार से अधिक होमगार्ड जवान एवं दफादार-चौकीदार को भी तैनात किए गए हैं।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अत्याधुनिक हथियार से सुसज्जित सुरक्षाकर्मी ड्यूटी पर लगे हैं। पुलिस सेटेलाइट फोन और ड्रोन से इलाके की निगरानी कर रही है। श्वान और बम डिस्पोजल दस्तों को भी अलर्ट पर रखा गया है। मतदान से पहले चुनाव को प्रभावित करने असामाजिक तत्वों को चिह्नित करने का अभियान चलाया गया, जिसमें चार लाख से अधिक लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई की गयी है। एक हजार से अधिक सक्रिय अपराधियों को जिला बदर किया गया है। आदर्श आचार संहिता लगने के बाद करीब 40 हजार से अधिक गैर जमानतीय वारंटों का निबटारा किया गया है।
दूसरे चरण में पहले से अधिक सुरक्षा
डीजीपी विनय कुमार ने बताया कि दूसरे चरण में पहले चरण से अधिक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। भारत-नेपाल सीमा से सटे सात जिलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं झारखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल से लगे सीमावर्ती जिलों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। बताया कि सीमावर्ती राज्यों के डीजीपी के साथ बिहार पुलिस ने समन्वय स्थापित किया है और नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है, ताकि सीमा पार से कोई भी संदिग्ध गतिविधि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित न कर सके। डीजीपी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पूरी तरह सील कर दी गई है और आज अंतरराज्यीय सीमाएं भी बंद कर दी जाएंगी।




साइन इन