bihar election second phase voting 12 ministers including nitish mishra and niraj kuma babloo Bihar Election: दूसरे चरण में नीतीश मिश्र और नीरज कुमार समेत 12 मंत्रियों का फैसला, कल मतदान, Bihar Hindi News - Hindustan
More

Bihar Election: दूसरे चरण में नीतीश मिश्र और नीरज कुमार समेत 12 मंत्रियों का फैसला, कल मतदान

Bihar Election: इस चरण में मौजूदा मंत्रियों में सुपौल से ऊर्जा, योजना एवं विकास मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, झंझारपुर से उद्योग मंत्री नीतीश मिश्र, फुलपरास से परिवहन मंत्री शीला मंडल, छातापुर से पीएचईडी मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू की किस्मत का फैसला होना है।

Mon, 10 Nov 2025 06:55 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share
Bihar Election: दूसरे चरण में नीतीश मिश्र और नीरज कुमार समेत 12 मंत्रियों का फैसला, कल मतदान

बिहार चुनाव (Bihar Election) के दूसरे चरण का प्रचार रविवार को समाप्त हो गया। मंगलवार को मतदान होगा। इस चरण में राज्य के मौजूदा 12 मंत्रियों की सीटों पर फैसला होना है। इसके अलावा तीन दलों के प्रदेश अध्यक्ष, एक पूर्व उपमुख्यमंत्री, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, दो पार्टियों के विधायक दल के नेता और कई नेताओं के परिजनों के साथ ही 24 पूर्व मंत्री भी चुनावी मैदान में हैं।दूसरे चरण में राज्य के 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान होगा।

इन मंत्रियों की किस्मत दांव पर

इस चरण में मौजूदा मंत्रियों में सुपौल से ऊर्जा, योजना एवं विकास मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, झंझारपुर से उद्योग मंत्री नीतीश मिश्र, फुलपरास से परिवहन मंत्री शीला मंडल, छातापुर से पीएचईडी मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू, हरसिद्धी (अजा) से गन्ना उद्योग मंत्री कृष्णनंदन पासवान किस्मत का फैसला होना है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में किसकी बनेगी सरकार? दूसरे चरण से होगा तय; NDA की 66 सीटें दांव पर

इनके अलावा सिकटी से आपदा प्रबंधन मंत्री विजय कुमार मंडल, धमदाहा से खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह, अमरपुर से भवन निर्माण मंत्री जयंत राज, गया टाउन से सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेम कुमार, चकाई से विज्ञान, प्रावैद्यिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुमित कुमार सिंह, चैनपुर से अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान और बेतिया से पशुपालन मंत्री रेणु देवी चुनावी मैदान में हैं।

पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद भी मैदान में

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी सिकंदरा तो पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद कटिहार से मैदान में हैं। पूर्व मंत्रियों में लौरिया से विनय बिहारी, नौतन से नारायण प्रसाद, नरकटिया से शमीम अहमद, मधुबन से राणा रणधीर सिंह, मोतिहारी से प्रमोद कुमार, सीतामढ़ी से सुनील कुमार पिंटू, बेनीपट्टी से विनोद नारायण झा भी ताल ठोंक रहे हैं।

मधुबनी से समीर कुमार महासेठ, कसबा से आफाक आलम, जोकीहाट से शाहनवाज, अमौर से अब्दुल जलील मस्तान, बनमनखी से कृष्ण कुमार ऋषि, रूपौली से बीमा भारती, कदवा से दुलालचंद गोस्वामी, बांका से रामनारायण मंडल, वजीरगंज से अवधेश कुमार सिंह, झाझा से दामोदर रावत और जयप्रकाश नारायण यादव, चैनपुर से बृजकिशोर बिंद, चेनारी से मुरारी गौतम, नोखा से अनीता देवी, बोधगया से कुमार सर्वजीत चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान कदवा, जबकि भाकपा माले के नेता महबूब आलम बलरामपुर से चुनाव लड़ रहे हैं।

बिहार के नामी चेहरे भी चुनावी दंगल में

इस चुनाव में राज्य के नामी-गिरामी चेहरों, राजनीतिक घरानों के वारिसों की भी परीक्षा है। मांझी परिवार की अग्नि परीक्षा इसी चरण में होनी है। परिहार से राजद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामचंद्र पूर्वे की बहू स्मिता गुप्ता, सासाराम से रालोमो सुप्रीमो उपेन्द्र कुशवाहा की पत्नी स्नेह लता कुशवाहा, नवीनगर से पूर्व सांसद आनंद मोहन-लवली आनंद के बेटे चेतन आनंद, जहानाबाद से पूर्व सांसद चंदेश्वर चंद्रवंशी, बेलहर से जदयू सांसद गिरधारी यादव के बेटे चाणक्य प्रकाश रंजन, औरंगाबाद से पूर्व सांसद गोपाल नारायण सिंह के बेटे त्रिविक्रम सिंह चुनाव लड़ रहे हैं।

हम के संरक्षक केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की बहू और लघु जल संसाधन मंत्री संतोष सुमन की पत्नी दीपा कुमारी इमामगंज से चुनाव लड़ रही हैं। मांझी की समधन ज्योति देवी बाराचट्टी से मैदान में हैं। पूर्व सांसद भगवतिया देवी की नातिन और पूर्व विधायक समता देवी की बेटी तनुश्री मांझी भी बाराचट्टी से लड़ रही हैं।

बेलागंज से जहानाबाद के सांसद सुरेन्द्र प्रसाद यादव के बेटे विश्वनाथ कुमार सिंह, अतरी से पूर्व सांसद अरुण कुमार के बेटे रोमित कुमार, जमुई से मशहूर शूटर श्रेयसी सिंह तो रामगढ़ से राजद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे और बक्सर सांसद सुधाकर सिंह के भाई अजीत कुमार चुनाव लड़ रहे हैं। काराकाट से पूर्व सांसद महाबली सिंह भी ताल ठोक रहे हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सीमांचल की 24 सीटें हैं अहम, मंत्री और पूर्व डिप्टी सीएम की किस्मत दांव पर
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।