Navy soldier suicide not getting leave for sister wedding dead body come with Tiranga बहन की शादी के लिए छुट्टी नहीं मिली तो नौसेना के जवान ने किया सुसाइड, तिरंगे के साथ घर आया शव, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बहन की शादी के लिए छुट्टी नहीं मिली तो नौसेना के जवान ने किया सुसाइड, तिरंगे के साथ घर आया शव

भारतीय नौसेना में तैनात एक जवान को अपनी बहन की शादी में घर आने के लिए छुट्टी नहीं मिली, उसने आत्महत्या कर ली। शादी से एक दिन पहले जवान का शव तिरंगे के साथ घर पहुंचा।

Sat, 16 Nov 2024 12:45 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, छपरा
share
बहन की शादी के लिए छुट्टी नहीं मिली तो नौसेना के जवान ने किया सुसाइड, तिरंगे के साथ घर आया शव

भारतीय नौसेना में तैनात बिहार के छपरा के एक जवान ने बहन की शादी के लिए छुट्टी न मिलने से आहत होकर खुद की जान दे दी। मृतक जवान रविकांत सिंह (23) डोरीगंज के अवतार नगर थाना इलाके के मदनपुर नेवतनी का रहने वाला था। वह गोवा में अपनी ड्यूटी दे रहा था। 16 नवंबर को उसकी चचेरी बहन की शादी होनी थी। वह शादी में जाने के लिए छुट्टी मांग रहा था। जब उसे छुट्टी नहीं मिली तो आत्महत्या कर जान दे दी। शुक्रवार को उसका शव जब घर पहुंचा तो सभी की आंखें नम हो गईं।

रविकांत के परिजन ने नौसेना अधिकारियों द्वारा उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मृतक के चाचा पथलू सिंह ने बताया कि उनका भतीजा रविकांत इंडियन नेवी में आर्टिफिशियल अप्रेंटिस विभाग में कार्यरत था। 15 दिनों पहले उसका जहाज कोच्चि से गोवा आया हुआ था। 12 नवंबर को शाम 4 से 8 बजे तक उसने शिफ्ट की। ड्यूटी के बाद रात 10 बजे तक उसने परिजन से मोबाइल फोन पर बात की। फिर अचानक रात के सवा 11 बजे उसके पदाधिकारी का फोन आया कि रविकांत सिंह ने आत्महत्या कर ली है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बक्सर में रिटायर्ड फौजी ने किया सुसाइड, खुद को गोली मारकर मौत के घाट उतारा

इसके बाद 13 नवंबर को रविकांत के पिता और मौसा फ्लाइट से गोवा गए। उसका बड़ा भाई रौशन सिंह भी लद्दाख से गोवा पहुंचा, जहां नौसेना के वरीय पदाधिकारियों ने रविकांत द्वारा सुसाइड की बात कह शव परिजन को सौंप दिया। मृतक के चचेरे भाई ने कहा कि रविकांत अपनी चचेरी बहन की शादी के लिए छुट्टी मांग रहा था, लेकिन उसके वरीय पदाधिकारी उसको प्रताड़ित कर रहे थे। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था।

तिरंगे के साथ पार्थिव शरीर लेकर घर आए युवा

रविकांत की मौत की खबर सुन गांव और आसपास के सभी इलाकों में सैकड़ों की संख्या में युवा बोधा छपरा टोल टैक्स के पास बाइक पर सवार हो तिरंगा हाथ में लिए रविकांत सिंह अमर रहे की नारेबाजी करते हुए शव के साथ घर तक आए।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।