Navratri ends Dussehra also over NDA Mahagathbandhan seat sharing formula not finalised yet नवरात्र खत्म, दशहरा भी गया; एनडीए और महागठबंधन में सीट शेयरिंग फॉर्मूला नहीं आया, Bihar Hindi News - Hindustan
More

नवरात्र खत्म, दशहरा भी गया; एनडीए और महागठबंधन में सीट शेयरिंग फॉर्मूला नहीं आया

नवरात्र खत्म हो गए और दशहरा का पर्व भी चला गया, मगर एनडीए एवं महागठबंधन में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला अभी तक फाइनल नहीं हो पाया है। अगले सप्ताह किसी भी समय बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है।

Fri, 3 Oct 2025 10:55 AMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
नवरात्र खत्म, दशहरा भी गया; एनडीए और महागठबंधन में सीट शेयरिंग फॉर्मूला नहीं आया

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए सत्ताधारी एनडीए और विपक्षी महागठबंधन में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला अब तक तय नहीं हो पाया है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पिछले दिनों एनडीए में नवरात्र के दौरान सीटें फाइनल होने की बात कही थी। वहीं, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के सुप्रीमो मुकेश सहनी ने भी दशहरा को महागठबंधन में सीट बंटवारे का ऐलान होने की बात कही थी। नवरात्र खत्म हो गए हैं, दशहरा का पर्व भी चला गया, लेकिन दोनों ही गठबंधन में सीटों पर बात अभी तक नहीं बन पाई है।

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के मुखिया चिराग पासवान ने पिछले दिनों दावा किया था कि नवरात्र के दौरान एनडीए में सीटों का बंटवारा हो जाएगा। नवरात्र शुरू होते ही उन्होंने सत्ताधारी गठबंधन में सीट शेयरिंग पर चर्चा चालू होने की बात भी कही थी। चिराग ने यह भी कहा था कि उनकी पारट् को सम्मानजनक सीटें मिलेंगी।

हालांकि, नवरात्र खत्म हो गए लेकिन एनडीए में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला घोषित नहीं हो पाया। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी बिहार दौरे पर आए। समस्तीपुर के सरायरंजन में उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में कहा था कि दशहरे के बाद एनडीए में सीटों का बंटवारा हो जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:NDA में सीटों का बंटवारा नवरात्र के दौरान होगा, बोले चिराग-सम्मान से समझौता नहीं

एनडीए में भाजपा और नीतीश कुमार की जदयू के अलावा चिराग की एलजेपी-आर, जीतनराम मांझी की हम और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल है।

महागठबंधन में भी सीटों पर ऐलान बाकी

बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने महागठबंधन में सीट शेयरिंग फॉर्मूला फाइनल होने की पहले तारीख 15 सितंबर बताई थी। उन्होंने यह भी कहा था कि एनडीए से पहले महगठबंधन में सीटों का बंटवारा कर दिया जाएगा। हालांकि, सितंबर महीना भी गुजर गया। बाद में सहनी ने 2 अक्टूबर को दशहरा के मौके पर विपक्षी गठबंधन की पार्टियों के बीच सीट बंटने का दावा किया। दशहरा भी चला गया है, मगर यहां सीट शेयरिंग फॉर्मूला फाइनल नहीं हो पाया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:शराब, ड्रग्स से लेकर साड़ी-टीशर्ट तक नजर, बिहार चुनाव में एक्टिव हुईं एजेंसियां

महागठबंधन यानी इंडिया अलायंस में लालू-तेजस्वी की आरजेडी, कांग्रेस, मुकेश सहनी की वीआईपी के अलावा तीनों लेफ्ट पार्टियां- सीपीआई, सीपीएम और माले भी शामिल हैं। साथ ही पशुपति पारस की रालोजपा और झारखंड मुक्ति मोर्चा को भी कुछ सीटें मिल सकती हैं। असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM ने भी महागठबंधन में आने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन तेजस्वी ने इससे इनकार कर दिया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार विधानसभा चुनाव के बाद 8 सीटों पर MLC इलेक्शन, वोटर लिस्ट का काम शुरू हुआ

बता दें कि बिहार की 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव का बिगुल बजने वाला है। अगले सप्ताह किसी भी समय निर्वाचन आयोग चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। केंद्रीय चुनाव आयोग की टीम शुक्रवार को बिहार दौरे पर आने वाली है। 4 और 5 अक्टूबर को सीईसी ज्ञानेश कुमार तैयारियों का अंतिम जायजा लेंगे। इसके बाद किसी भी समय चुनाव कार्यक्रम घोषित हो सकता है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।