मौसम: फिर बदला हवा का रुख, तापमान में आई तेजी
मुजफ्फरपुर में हवा के रुख में बदलाव के कारण तापमान में वृद्धि हुई है। अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में और तापमान बढ़ने की संभावना जताई है। 24 अप्रैल के बाद बादलों और हल्की बारिश की उम्मीद है।

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। जिले में हवा के रुख में बदलाव का क्रम सोमवार को भी जारी रहा। यह एक बार फिर पुरवा से बदलकर पछिया हो गया। इस कारण अधिकतम व न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। अधिकतम तापमान दो और न्यूनतम तापमान में भी एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी रिकॉर्ड की गई। मौसम विज्ञान विभाग ने अगले दो दिनों तक तापमान में और वृद्धि की संभावना जताई है। हालांकि, 24 अप्रैल के बाद एक बार फिर से बादलों के छाए रहने के आसार हैं। छिटपुट बारिश की भी संभावना जताई गई है।पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र ने पछुआ हवा चलने के कारण तपिश में बढ़ोतरी होने की बात कही है।
केंद्र के नोडल पदाधिकारी डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर चलता रहेगा। इसका कारण हवा के रुख में परिवर्तन होना है। उन्होंने अगले दो दिनों में और दो डिग्री सेल्सियस तक तापमान में वृद्धि की संभावना व्यक्त की।पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस उपर पहुंच गया। यह 36.5 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.1 डिग्री उपर 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे सुबह व दिन में भी हवा में नमी की मात्रा काफी कम रही। दोपहर में त्वचा झुलसाने वाली गर्मी महसूस हुई। पूरे दिन आठ किमी प्रति घंटे की गति से पछुआ हवा चलती रही।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन