मोदी सरकार के 12 साल विकास, विश्वास और जनकल्याण की यात्रा: विवेक ठाकुर
मुंगेर, नवादा के सांसद विवेक ठाकुर ने मोदी सरकार के 12 वर्षों को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने जन-कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीबों को मदद की है और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। सांसद ने राष्ट्रीय राजमार्गों, रेलवे और हवाई कनेक्टिविटी में सुधार का भी जिक्र किया।

मुंगेर, निज संवाददाता। नवादा के सांसद विवेक ठाकुर ने मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए इसे विकास, जन-विश्वास और जनकल्याण का स्वर्णिम काल करार दिया है। मुंगेर में रविवार को प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश की न सिर्फ तस्वीर, बल्कि तकदीर भी बदल चुकी है। यह सरकार केवल वादों पर नहीं, बल्कि धरातल पर काम करने में विश्वास रखती है, यही वजह है कि आज लगातार तीसरी बार देश की जनता ने एनडीए सरकार पर अपना अटूट भरोसा जताया है।
जनकल्याणकारी योजनाओं से मिट रही है गरीबीः
सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि बीते वर्षों में 'सबका साथ, सबका विकास' का मंत्र एक जनआंदोलन बन चुका है। सरकार की डीबीटी योजना से बिचौलियों की संस्कृति खत्म हुई है और 4.31 लाख करोड़ रुपये गलत हाथों में जाने से बचे हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ से अधिक हेल्थ कार्ड, पीएम आवास योजना से 4 करोड़ से ज्यादा पक्के मकान और उज्ज्वला योजना से 11 करोड़ महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन देकर अंतिम कतार में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाया गया है। इसी का परिणाम है कि करीब 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी में आया ऐतिहासिक उछालः
इन्फ्रास्ट्रक्चर के मोर्चे पर बदलावों का जिक्र करते हुए सांसद ने कहा कि 2014 के मुकाबले आज राष्ट्रीय राजमार्गों का नेटवर्क 1.46 लाख किलोमीटर से अधिक हो चुका है। ग्रामीण सड़कों के जाल ने गांवों से शहरों की दूरी को समेट दिया है। भारतीय रेलवे का 99.6% से अधिक विद्युतीकरण हो चुका है और वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें देश की नई पहचान बन चुकी हैं। इसके अलावा उड़ान योजना ने हवाई चप्पल पहनने वाले आम नागरिक के हवाई यात्रा के सपने को सच किया है।
वैश्विक मंच पर बढ़ा भारत का मानः
विवेक ठाकुर ने कहा कि आज भारत आंतरिक और बाहरी सुरक्षा के मामले में पूरी तरह सुरक्षित है। सर्जिकल और एयर स्ट्राइक ने साफ कर दिया है कि यह नया भारत चुप नहीं बैठता, बल्कि मुंहतोड़ जवाब देता है। वैश्विक मंच पर भारत की साख इतनी मजबूत हुई है कि पीएम मोदी 75% अप्रूवल रेटिंग के साथ दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता बने हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास की यह अविरल यात्रा आने वाले समय में भारत को एक पूर्ण रूप से विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाएगी। मौके पर स्थानीय विधायक कुमार प्रणय, जिलाध्यक्ष अरुण कुमार पोद्दार, भाजपा नेता राजेश जैन, सौरभ कुमार रवि शर्मा, मणिशंकर भोलू, संतोष कुमार पोद्दार, अंजू भारद्वाज, निशा शाह, मोहन वर्मा,संजय सिंह सहित अन्य मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन