Munger ASI Murder accused half encounter Guddu running after police jeep overturned मुंगेर में ASI के हत्यारे का हाफ एनकाउंटर, पुलिस जीप पलटने के बाद भाग रहा था गुड्डू, Bihar Hindi News - Hindustan
More

मुंगेर में ASI के हत्यारे का हाफ एनकाउंटर, पुलिस जीप पलटने के बाद भाग रहा था गुड्डू

मुंगेर जिले में एएसआई संतोष कुमार सिंह के हत्यारों को पकड़ने गई पुलिस की जीप पलट गई। आरोपी गुड्डू यादव राइफल लेकर हिरासत से फरार हो गया। पुलिस ने पैर में गोली मारकर उसे पकड़ लिया।

Sat, 15 March 2025 01:06 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, नगर संवाददाता, मुंगेर
share
मुंगेर में ASI के हत्यारे का हाफ एनकाउंटर, पुलिस जीप पलटने के बाद भाग रहा था गुड्डू

बिहार के मुंगेर जिले में एएसआई संतोष कुमार सिंह के हत्यारे की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस की जीप का शनिवार को एक्सीडेंट हो गया। सड़क हादसे का फायदा उठाकर गुड्डू नाम का एक आरोपी पुलिसकर्मी की राइफल छीनकर भागने लगा। पुलिस फायरिंग में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। सड़क हादसे में चार पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नंदलालपुर गांव में एएसआई संतोष कुमार सिंह पर अपराधियों ने हमला कर दिया था। धारदार हथियार से हुए हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। शनिवार सुबह पटना में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। एएसआई संतोष सिंह पुलिस टीम के साथ दो गुटों के बीच झगड़ा सुलझाने गए थे।

एएसआई की मौत के बाद शनिवार सुबह पुलिस टीम ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की। मुफस्सिल थाना अध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में थाने की टीम गुड्डू यादव नाम के एक आरोपी को हिरासत में लेकर अन्य अपराधियों को पकड़ने के लिए जा रही थी। तभी बाखरपुर बगीचा के पास बकरी के झुंड को बचाने के दौरान पुलिस की गाड़ी पलट गई। आरोपी गुड्डू यादव सड़क दुर्घटना का फायदा उठाकर पुलिसकर्मी की राइफल छीनकर भागने लगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में 72 घंटे के भीतर दूसरे पुलिस वाले की हत्या, अब मुंगेर में ASI की मौत

पुलिस ने आत्मरक्षा के दौरान गोली चलाई। गुड्डू के बाएं पैर में गोली लग गई। हादसे में घायल हुए पुलिसकर्मियों का भी मुंगेर सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। मौके पर मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद पहुंचे औ घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि एएसआई संतोष सिंह की हत्या के मामले में अब तक चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। घायल हुए पुलिसकर्मियों में मुफस्सिल थाना अध्यक्ष चंदन कुमार के अलावा सब इंस्पेक्टर श्रीराम प्रसाद, सिपाही मोहम्मद सैफ अली और चौकीदार रघुनाथ शामिल हैं।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।