मोतिहारी टू पाकिस्तान, बिहार के साइबर फ्रॉड का इंटरनेशनल नेटवर्क; 10 परसेंट का खेल उजागर
बदमाशों ने स्वीकार किया कि वे पाकिस्तानी साइबर अपराधियों के साथ मिलकर काम करते थे। गिरोह के सदस्य पुलिस या अन्य विभाग के अधिकारी बनकर लोगों को डिजिटल अरेस्ट की धमकी देते थे।

Cyber Crime Bihar: मोतिहारी पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के तार सीधे पाकिस्तान से जुड़े हैं। ये बदमाश देश के विभिन्न राज्यों के लोगों को डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराकर करोड़ों की ठगी करते थे और कमीशन काटकर पैसा पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं को भेजते थे।पूर्वी चंपारण के एसपी स्वर्ण प्रभात ने बुधवार को इस मामले का खुलासा किया।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों में कल्याणपुर के खटोलवा निवासी अंकित कुमार, केसरिया के फुलतकिया के युवराज, गडहिया (मानिकपुर) के मो. साहिल और मझौलिया के चुन्नू कुमार उर्फ अतुल कुमार शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 7 पासबुक, 10 एटीएम कार्ड, एक लैपटॉप, 5 मोबाइल, एक ब्लैंक चेक और 3 महंगी बाइकें बरामद की हैं। कल्याणपुर थानाध्यक्ष विनीत कुमार ने बताया कि धरमपुर एटीएम के पास से पहले अंकित को दबोचा, जिसकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों और बदमाशों की गिरफ्तारी की गई। पुलिस गिरोह का पूरा नेटवर्क खंगाल रही है ताकि इसका पूरी तरह से खात्मा किया जा सके।
डिजिटल अरेस्ट के नाम पर करोड़ों की ठगी
अंतरराष्ट्रीय साइबर ठग गिरोह की गिरफ्तारी के मामले में बदमाशों ने स्वीकार किया कि वे पाकिस्तानी साइबर अपराधियों के साथ मिलकर काम करते थे। गिरोह के सदस्य पुलिस या अन्य विभाग के अधिकारी बनकर लोगों को डिजिटल अरेस्ट की धमकी देते थे। ठगी की राशि विभिन्न स्कैनर्स के माध्यम से भारतीय खातों में मंगाई जाती थी। इसके बाद ये बदमाश अपना 10 प्रतिशत कमीशन काटकर शेष राशि सीडीएम के माध्यम से पाकिस्तानी साइबर फ्रॉड के खातों में ट्रांसफर कर देते थे। पाकिस्तान से ही पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग की जाती थी। स्थानीय लोगों ने मांग किया है कि गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा चलाकर सजा दिलाई जाए।
कई राज्यों की पुलिस को थी तलाश
बदमाशों के पास से बरामद बैंक खातों की जांच में पता चला है कि इनके खिलाफ आंध्रप्रदेश, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में पहले से ही साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह ने अब तक करोड़ों रुपयों की चपत लगाई है। पुलिस अब गिरोह के अन्य शातिरों की तलाश में छापेमारी कर रही है। इस इंटरनेशनल नेटवर्क को समाप्त करना पुलिस के सामने बड़ी चुनौति है।
कार्यवाही में शामिल टीम
इस सफल छापेमारी टीम का नेतृत्व चकिया डीएसपी संतोष कुमार और साइबर डीएसपी अभिनव परासर ने किया। टीम में इंस्पेक्टर खालिद अख्तर, कल्याणपुर थानाध्यक्ष विनीत कुमार, दारोगा मुकेश कुमार और साइबर थाना के दारोगा प्रत्युष कुमार विक्की सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।




साइन इन