बेतिया-साहेबगंज फोरलेन हाइवे को मोदी कैबिनेट से मंजूरी, पटना का सफर डेढ़ घंटे कम होगा
नरेंद्र मोदी कैबिनेट ने बिहार चुनाव से पहले बेतिया से अरेराज होते हुए साहेबगंज तक नए फोरलेन हाइवे प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है। इस ग्रीनफील्ड हाइवे के बनने से उत्तर बिहार से पटना का सफर और आसान हो जाएगा।

बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले नरेंद्र मोदी कैबिनेट से नए हाइवे प्रोजेक्ट को मंजूरी मिली है। इसके तहत राष्ट्रीय राजमार्ग 130 डब्ल्यू के साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड को फोरलेन हाइवे बनाया जाएगा। इस परियोजना की कुल लंबाई 78.942 किलोमीटर है। इसमें कुल 3822 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस फोरलेन हाइवे के बन जाने से बेतिया से राजधानी पटना का सफर लगभग डेढ़ घंटे कम हो जाएगा।
केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली में प्रेस वार्ता कर बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
उन्होंने बताया कि यह एक ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट है, इसका उद्देश्य राजधानी पटना और बेतिया के बीच संपर्क को बेतहर बनाना है। इससे उत्तर बिहार के वैशाली, सारण, सीवान, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण जिले, भारत-नेपाल सीमा से लगे क्षेत्रों तक जुड़ जाएंगे। इससे कृषि तथा औद्योगिक क्षेत्रों और सीमा पार व्यापार मार्गों से संपर्क में सुधार होगा। साथ ही क्षेत्रीय आर्थिक विकास को सुगम बनाया जा सकेगा।
फोरलेन से जुड़ेंगे पर्यटन और धार्मिक स्थल
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि बेतिया-साहेबगंज फोरलेन बनने से 7 पीएम गति शक्ति आर्थिक नोड्स, 6 सामाजिक नोड्स, 8 लॉजिस्टिक नोड्स, 9 प्रमुख पर्यटन और धार्मिक केंद्रों को जोड़ेगी। इससे केसरिया बुद्ध स्तूप (साहेबगंज), सोमेश्वरनाथ मंदिर (अरेराज), जैन मंदिर और विश्व शांति स्तूप (वैशाली) और महावीर मंदिर (पटना) सहित प्रमुख विरासत और बौद्ध पर्यटन स्थलों तक की पहुंच में सुधार होगा। इससे बिहार के बौद्ध सर्किट और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन क्षमता को मजबूती मिलेगी।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि एनएच-139 डब्ल्यू की योजना वैकल्पिक मार्गों को उच्च गति कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए बनाई गई है। यह एनएच-31, एनएच-722, एनएच-727, एनएच-27 और एनएच-227ए के लिए एक महत्वपूर्ण संपर्क के रूप में काम करेगा।
इसका डिजाइन 100 किमी प्रति घंटा की स्पीड से गाड़ियां चलाने के हिसाब से बनाया गया है। हालांकि, इस पर वाहनों के लिए 80 किमी प्रति घंटा की औसत गति से चलने की अनुमति रहेगी। इससे साहेबगंज और बेतिया के बीच कुल यात्रा समय, मौजूदा विकल्पों की तुलना में 2.5 घंटे से घटकर 1 घंटा रह जाएगा। साथ ही यात्री और मालवाहक वाहनों के लिए सुरक्षित, तेज और निर्बाध कनेक्टिविटी भी मिलेगी।




साइन इन