Mithila Paag insult in front of Maithili Thakur uproar on BJP MLA video viral मैथिली ठाकुर के सामने मिथिला पाग का अपमान, भाजपा विधायक का VIDEO वायरल; भड़के लोग, Bihar Hindi News - Hindustan
More

मैथिली ठाकुर के सामने मिथिला पाग का अपमान, भाजपा विधायक का VIDEO वायरल; भड़के लोग

बिहार की अलीनगर सीट से भाजपा प्रत्याशी एवं मशहूर लोक गायिका मैथिली ठाकुर के सामने यूपी से BJP की विधायक पर मिथिला पाग के कथित अपमान का वीडियो वायरल हो रहा है, जिस पर लोग भड़क गए हैं।

Thu, 23 Oct 2025 06:39 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, संवाद सूत्र, अलीनगर (दरभंगा)
share
मैथिली ठाकुर के सामने मिथिला पाग का अपमान, भाजपा विधायक का VIDEO वायरल; भड़के लोग

बिहार के दरभंगा जिले की अलीनगर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की प्रत्याशी मैथिली ठाकुर के कार्यक्रम में मिथिला पाग का कथित अपमान होने पर सियासत गर्मा गई है। एनडीए की ओर से बुधवार को अलीनगर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के बांसडीह की भाजपा विधायक केतकी सिंह ने मिथिला पाग को फेंक दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अब बीजेपी की महिला विधायक का दरभंगा जिले में विरोध तेज हो गया है। छात्र संगठन एमएसयू (मिथिला स्टूडेंट यूनियन) ने भी इस पर कड़ी आपत्ति जताई है। हालांकि, केतकी सिंह ने इस पर माफी मांग ली है।

बता दें कि एनडीए के कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान भाजपा विधायक केतकी सिंह को मिथिला पाग पहनाकर सम्मानित किया गया था। इस दौरान वहां अलीनगर की भाजपा प्रत्याशी एवं मशहूर लोक गायिका मैथिली ठाकुर भी मौजूद थीं। केतकी सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोगों से पूछा कि ये पाग क्या है? इस पर वहां मौजूद लोगों ने कहा कि यह मिथिला का सम्मान है। इस पर केतकी ने कहा, "नहीं, मिथिला का सम्मान ये (पाग) नहीं, बल्कि ये (मैथिली ठाकुर) हैं।" यह कहते हुए भाजपा की महिला विधायक ने पाग को सामने टेबल पर फेंक दिया।

इस घटना पर वहां उपस्थित कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई। लोगों ने कहा कि पाग का इस तरह अपमान करने से लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। एनडीए के कार्यकर्ता सम्मेलन में बिहार सरकार के मंत्री हरि सहनी, दरभंगा से सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर, जिला चुनाव प्रभारी उपेंद्र तिवारी, भाजपा दरभंगा पूर्वी जिलाध्यक्ष विनय पासवान समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:1.80 लाख कैश, 2.32 करोड़ की प्रॉपर्टी; हर साल कितना कमाती हैं मैथिली ठाकुर?

इस वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दूसरी ओर, इस घटना को लेकर एमएसयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष विद्या भूषण राय ने कहा कि यह घटना मिथिला की संस्कृति एवं अस्मिता पर सुनियोजित हमला है। एमएसयू इसका कड़ा विरोध करता है।

बीजेपी विधायक ने दी सफाई, माफी भी मांगी

वहीं, यूपी की बीजेपी विधायक केतकी सिंह ने गुरुवार को कहा कि पाग को केवल भारत ही नहीं, पूरे विश्व के लोग सम्मान से देखते हैं। ऐसे में इसका अपमान करने के बारे में मैं सपने में भी नहीं सोच सकती। इस पाग को विद्यापति ने भी अपने सिर पर धारण किया था। पीएम मोदी ने भी इसे सबसे ऊपर रखा है। ऐसे में मेरी क्या औकात है कि मैं इसका अपमान करूं।

उन्होंने कहा, "मेरा बस इतना ही कहना था कि घर की बेटी भी इस पाग जितना ही सम्मानित होती है। इसके बावजूद मेरी किसी बात से अगर किसी की भावना को ठेस पहुंची हो तो मैं इसके लिए माफी मांगती हूं।"

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।