हड़ताली CO, RO को मंत्री विजय सिन्हा ने हड़काया- भ्रम में ना रहें, सरकार NDA की ही रहेगी
विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि हड़ताल के दिनों की संख्या की गिनती हो रही है। चेतावनी भरी लहजे में कहा कि कल भी एनडीए की सरकार थी और आगे भी रहेगी। कोई भ्रम में न रहे।

Vijay Kumar Sinha Warning: बिहार में अंचलाधिकारी व राजस्व अधिकारियों की जारी हड़ताल के बीच उपमुख्यमंत्री सह भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने हड़तालियों क बड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि समय रहते काम पर लौट आएं नहीं तो कार्रवाई होगी। हड़ताल के दिनों की संख्या की गिनती हो रही है। चेतावनी भरी लहजे में कहा कि कल भी एनडीए की सरकार थी और आगे भी रहेगी। कोई भ्रम में न रहें। किसी की कोई साजिश कामयाब नहीं होगी।
विजय सिन्हा ने वीडियो बयान जारी करके कहा कि काम करने वाले अधिकारियों को धमकाया और परेशान किया जा रहा है। उन्हे याद रखना चाहि कि राज्य में कल भी एनडीए की सरकार थी और आज भी है और कल भी एनडीए की ही सरकार रहेगी।कोई सोच रहे है कि परिवर्तन होगा, मुक्ति मिल जाएगी, तो इस भ्रम में न रहें। कुछ लोग काम करने वाले सीओ और आरओ को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं वे ऐसा ना करें। जनता के हित में जो काम शुरू हुए हैं, उन्हें हर हाल में पूरा किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि 46 लाख परिमार्जन का काम पेंडिंग है। वह सब सुधार का काम होना है।इसके अलावे करीब 8 लाख म्यूटेशन के पेंडिंग को भी खत्म किया जाएगा। हड़ताल करने वाले अब सहानुभूति खो रहे हैं। उनके हड़ताल के दिनों की गिनती की जा रही है। ऐसे लोग समय रहते सतर्क हो जाएं। वे जल्द काम पर लौटें, यही ठीक रहेगा।
मंत्री ने कहा कि राजस्व विभाग बिहार के लिए अभिशाप बन गया था। हड़ताली कर्मियों और अधिकारियों को जनहित में काम करना ही पड़ेगा। ये लोग अपनी जिम्मेवारी संभालें। काम करने वालों को डराने-धमकाने की राजनीति नहीं चलेगी। सीओ को परेशान किया जा रहा है जो काम कर रहे हैं। धमकाने वालों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जो काम करेंगे उन्हीं को इज्जत और मान सम्मान मिलेगा। काम नहीं करने वाले चेत जाएं।
सोमवार को भी विजय सिन्हा ने हड़ताल पर कहा कि अंचलाधिकारी प्रोमोशन से ऊपर के पद पर जाते हैं। वे अनुमंडल राजस्व अधिकारी बनते हैं। हड़ताल को देखते हुए कामकाज की वैकल्पिक व्यवस्था बनाई जा रही है। जो बात नहीं मानें तो सरकार सख्ती बरतेगी। अब भू माफिया की नहीं चलेगी। जनादेश का सम्मान सबको करना होगा। काम पर नहीं लौटे तो निलंबन शुरू होगा। सीओ के बदले बीडीओ को प्रभार दिया जायेगा।
हम हर कीमत अदा करेंगे। बहाली करेंगे। अंचलाधिकारी से आग्रह है कि वे बहकावे में न आएं। हड़ताल समाप्त करें तो सरकार बात करेगी। संवाद से समाधान होगा। भौकाल से भय पैदा नहीं करें, अराजकता उत्पन्न नहीं करें।
विजय सिन्हा ने कहा कि पहले कर्मचारी का और अब सीओ का हड़ताल, यह कोई संयोग नहीं है। जो हड़ताल पर हैँ, वे काम पर लौटें वरना उनको हटाने की कार्रवाई शुरू होगी। जीरो टॉलरेन्स की नीति अपनाई जा रही है। किसी आवेदन को ख़ारिज करने वालों को कारण बताना होगा। समय सीमा में काम नहीं करने वालों से पूछताछ की जाएगी। कोर्ट केस के नाम पर मामलों को नहीं लटकाना है। दोहन समाप्त किया। ये लोग परेशान हैँ क्योंकि सरकार सख्त है।




साइन इन