many flights cancel due to indigo crisis passengers fell helpless at patna airport इंडिगो संकट जारी है, आज भी कई फ्लाइटें रद्द; पटना एयरपोर्ट पर यात्री परेशान, Bihar Hindi News - Hindustan
More

इंडिगो संकट जारी है, आज भी कई फ्लाइटें रद्द; पटना एयरपोर्ट पर यात्री परेशान

सोमवार को पटना एयरपोर्ट से आवागमन करने वाले इंडिगो के पांच विमान रद्द रहेंगे। इसमें मुख्य रूप से दिल्ली, बेंगलुरु, चेन्नई, कोलकाता आदि शहरों की फ्लाइट शामिल रहेंगी। रविवार से यात्रियों को व्यक्तिगत तौर पर विमान के रद्द होने या विलंब रहने की जानकारी पहुंच रही है।

Mon, 8 Dec 2025 08:10 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान प्रतिनिधि, पटना
share
इंडिगो संकट जारी है, आज भी कई फ्लाइटें रद्द; पटना एयरपोर्ट पर यात्री परेशान

इंडिगो संकट अभी जाारी है। सोमवार को भी पटना एयरपोर्ट से कई उड़ानेें रद्द हैं। पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को भी लगातार छठे दिन विमान रद्द रहने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कोई साक्षात्कार में शामिल नहीं हो सका तो कोई दिनभर एयरपोर्ट का चक्कर लगाता रहा। इंडिगो की चेन्नई, बेंगलुरु, दिल्ली, अहमदाबाद, कोलकाता सहित अन्य शहरों को जाने वाले 10 विमान रद्द रहे। इसके अलावा इंडिगो के जो विमान आए-गए वे आधे घंटे तक विलंबित रहे।

मुजफ्फरपुर से पटना एयरपोर्ट पहुंचने तो पता चला विमान रद्द है

पटना एयरपोर्ट पर मुजफ्फरपुर निवासी साकेत कुमार ने बताया कि सोमवार को उनका बेंगलुरु के एक निजी कंपनी में साक्षात्कार है। इसके लिए नवंबर में ही टिकट बुक किए थे। मुजफ्फरपुर से हजारों रुपए खर्च कर पटना एयरपोर्ट पहुंचने पर जानकारी मिली कि विमान रद्द है। इस कारण साक्षात्कार में शामिल नहीं हो पाएंगे। कंपनी को हमने मेल कर जानकारी दी है। पता नहीं, उधर से क्या जवाब आता है। वहीं पंकज कुमार ने बताया कि कोलकाता से शादी समारोह में शामिल होने परिवार के साथ आए थे। लेकिन, पिछले कई दिनों से एयरपोर्ट का चक्कर लगा रहे हैं। कोलकाता जाने का कोई साधन नहीं मिल रहा है। ऐसे कई यात्री थे जो परेशान नजर आए।

आज इंडिगो के पांच विमान रद्द रहेंगे

सोमवार को पटना एयरपोर्ट से आवागमन करने वाले इंडिगो के पांच विमान रद्द रहेंगे। इसमें मुख्य रूप से दिल्ली, बेंगलुरु, चेन्नई, कोलकाता आदि शहरों की फ्लाइट शामिल रहेंगी। रविवार से यात्रियों को व्यक्तिगत तौर पर विमान के रद्द होने या विलंब रहने की जानकारी पहुंच रही है। इससे एयरपोर्ट स्थिति इंडिगो के टिकट काउंटर पर यात्रियों की भीड़ में अन्य दिनों के मुकाबले रविवार को कम थी। इधर, इंडिगो के अधिकारियों ने बताया कि 15 दिसंबर तक विमान का परिचालन पूरी तरह से सामान्य हो जाएगा।

वड़ोदरा नहीं जा सके डॉ. कमलेश, कई आपरेशन टले

इंडिगो की फ्लाइट रद्द होने से सर्जन डॉ. कमलेश कुमार परेशान दिखे। उन्हें वड़ोदरा (गुजरात) जाना था। वहां कई मरीजों का ऑपरेशन करना था, लेकिन टालना पड़ा। तीन दिन बाद का उन्हें टिकट मिला है।

पटना की जगह भेजा रांची

पूजा सिन्हा को बेंगलुरु से पटना आना था, लेकिन उन्हें रांची पहुंचा दिया गया। वहां से वह रविवार को सड़क मार्ग से पटना पहुंची। एक माह की बच्ची को गोद में लिये वह पटना एयरपोर्ट पर अपना सामान लेने गई, लेकिन सामान नहीं मिला और वह भटकती रहीं।

रेलवे ने संपूर्ण क्रांति और राजधानी में अतिरिक्त कोच लगाए

इसी बीच पूर्व मध्य रेल जहां इंडिगो संकट के मद्देनजर पटना से एक स्पेशल ट्रेन का परिचालन कर रही है। वहीं यात्रियों की सुविधा के लिए रविवार को संपूर्ण क्रांति और तेजस राजधानी एक्सप्रेस में एक-एक अतिरिक्त यात्री कोच लगाए गए। साथ ही एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने हेल्प डेस्क भी खोला है। हवाई यात्रियों के लिए डेडिकेटेड हेल्पलाइन नंबर 9771449159 भी जारी किया है। दानापुर मंडल के सीनियर डीसीएम अभिनव सिद्धार्थ ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए पटना से आनंद विहार टर्मिनल के लिए स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जा रहा है।

वहीं सोमवार को भी 02309 पटना-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल ट्रेन पटना से 20.30 बजे खुलकर अगले दिन 15 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वहीं तेजस राजधानी में थर्ड एसी का एक व संपूर्ण क्रांति में सेकंड एसी का एक अतिरिक्त यात्री कोच लगाया गया है। इससे दोनों ट्रेनों में यात्री कोच की संख्या 22 से बढ़कर 23 हो गई है। इसके अलावा पटना एयरपोर्ट पर 24 घंटे के लिए हेल्प डेस्क की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:आसमान में रहेंगे बादल और बढ़ेगा न्यूनतम तापमान,7 दिन तक कैसा रहेगा बिहार का मौसम
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।