सिपाही भर्ती परीक्षा देने जा रहे युवक की गोली मारकर हत्या, नवादा में दिनदहाड़े मर्डर
नवादा में मंगलवार को बिहार पुलिस की सिपाही भर्ती परीक्षा देने जा रहे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

नवादा में बेखौफ बदमाशों ने सिपाही भर्ती परीक्षा देने जा रहे एक छात्र की दिनदहाड़े गोली मार कर हत्या कर दिया। घटना मंगलवार की दोपहर करीब 01 बजे नगर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर इलाके में मेहता गली में स्थित पवन मैरेज हॉल के समीप की है। मृतक 22 वर्षीय सचिन कुमार जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के डोमनबाग, महापुर के ब्रह्मदेव महतो का बेटा बताया जाता है।
सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। मौके से एक खोखा बरामद किया गया है। नवादा के एसपी अभिनव धीमान एवं सदर एसडीपीओ-1 हुलास कुमार भी मौके पर पहुंचे और जांच की। इस दौरान नगर थाना के अलावा मुफस्सिल थाना, कादिरगंज थाना एवं बुंदेलखंड थाने की टीम भी वहां पहुंच गई और संदिग्ध बदमाशों की खोजबीन के लिए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। इस बीच फॉरेंसिक टीम एवं डीआईयू की टीम ने भी घटनास्थल को सुरक्षित कर मौके से कई सैंपल एकत्रित किए।
नगर सर्किल इंस्पेक्टर पंकज कुमार झा एवं नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार समेत कई पुलिस पदाधिकारियों की देखरेख में संदिग्ध बदमाशों की तलाश में विभिन्न जगहों पर छापेमारी की जा रही है। सदर एसडीपीओ-01 ने बताया कि तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों की मदद से बदमाशों की पहचान की जा रही है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।




साइन इन