Mahagathbandhan second meet Patna Bihar Election Tejashwi Yadav RJD Congress Left Parties VIP बिहार चुनाव पर महागठबंधन की दूसरी बैठक, तेजस्वी यादव ने बताया क्या फैसले हुए, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार चुनाव पर महागठबंधन की दूसरी बैठक, तेजस्वी यादव ने बताया क्या फैसले हुए

पटना स्थित कांग्रेस दफ्तर में गुरुवार को महागठबंधन की दूसरी बैठक आयोजित की गई। इसमें तेजस्वी यादव, कृष्णा अल्लावरु, मुकेश सहनी समेत आरजेडी, कांग्रेस और वाम दलों के नेताओं ने कई अहम फैसले लिए।

Thu, 24 April 2025 04:55 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
बिहार चुनाव पर महागठबंधन की दूसरी बैठक, तेजस्वी यादव ने बताया क्या फैसले हुए

बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर महागठबंधन की दूसरी बैठक गुरुवार 24 अप्रैल को आयोजित की गई। इसमें एक मुख्य कोऑर्डिनेशन कमिटी के अतिरिक्त कुछ अन्य समितियों का गठन करने का फैसला लिया गया। इसके अलावा 4 मई को महागठबंधन के सभी घटक दलों के जिलाध्यक्षों, सांसद, विधायक और एमएलसी की संयुक्त रूप से बैठक बुलाई गई है। गुरुवार को हुई मीटिंग में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरु एवं प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी समेत तीनों वाम दलों सीपीआई, सीपीएम और सीपीआई माले के नेता मौजूद रहे।

बैठक की शुरुआत में सभी नेताओं ने मौन रखकर जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में दो दिन पहले हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। बैठक खत्म होने के बाद साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने एजेंडे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले में सभी विपक्षी दल और पूरे देश एकजुट है। हम चाहते हैं कि आतंकियों को कड़ा जवाब मिले। लेकिन, जवाब मौजूदा भारत सरकार को भी देना चाहिए कि कैसे इतना बड़ा हमला हो गया।

महागठबंधन की ओर से शुक्रवार 25 अप्रैल को पटना में पहलगाम आतंकी हमले कैंडल मार्च निकाला जाएगा। शाम 7 बजे इनकम टैक्स गोलंबर से डाकबंगला चौराहा तक मार्च निकालकर आतंकी हमले में मृत नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि पहलगाम हमले से इंटेलिजेंस सिस्टम पर सवाल उठते हैं। कैसे आतंकी सीमा पार करके कश्मीर में आ गए और उन्होंने साजिश के तहत नागरिकों को मार गिराया। उन्होंने बिहार की नीतीश सरकार पर भी सवाल उठाए। तेजस्वी ने कहा कि पहलगाम हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में मौजूद बिहार के लोगों को सुरक्षित वापस लाने के लिए सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:तेजस्वी को लॉलीपॉप मिला है, महागठबंधन में एकता कहां है? जीतन राम मांझी की चुटकी
ये भी पढ़ें:महागठबंधन में सीट बंटवारे का फॉर्मूला सेट, इन दो फैक्टर पर रहेगा जोर
ये भी पढ़ें:तेजस्वी यादव ही महागठबंधन के सीएम फेस, बिहार चुनाव पर आरजेडी की दो-टूक

बता दें कि महागठबंधन की पहली बैठक पिछले गुरुवार 17 अप्रैल को पटना स्थित आरजेडी दफ्तर में आयोजित की गई थी। उसमें सभी दलों के नेताओं ने रायशुमारी कर बिहार चुनाव को लेकर एक कोऑर्डिनेशन कमिटी गठन करने का फैसला लिया था। इस कमिटी का अध्यक्ष तेजस्वी यादव को बनाया गया। इसमें सभी दलों से दो-दो सदस्यों को रखा गया है। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन के सभी तरह के फैसले यह कमिटी ही करेगी।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।