Lawrence Bishnoi gang supplies sophisticated weapons to Bihar deals for Rs 6 to 15 lakh लॉरेंस विश्नोई गैंग उत्तर बिहार में पहुंचा रहा अत्याधुनिक हथियार, 6 से 15 लाख में होती है डील, Bihar Hindi News - Hindustan
More

लॉरेंस विश्नोई गैंग उत्तर बिहार में पहुंचा रहा अत्याधुनिक हथियार, 6 से 15 लाख में होती है डील

गोपालगंज पुलिस की एफआईआर रिकॉर्ड के मुताबिक बैरिया में हथियार आने के बाद विश्नोई गैंग के गुर्गे राजस्थान के अजमेर निवासी कमल रावत और गायघाट के बोआरी डीह निवासी शांतनु शिवम स्थानीय हथियार तस्कर को चारों पिस्टल मुहैया कराते थे।

Thu, 18 Dec 2025 12:20 PMSudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share
लॉरेंस विश्नोई गैंग उत्तर बिहार में पहुंचा रहा अत्याधुनिक हथियार, 6 से 15 लाख में होती है डील

उत्तर बिहार में लॉरेंस विश्नोई गैंग विदेशी पिस्टल की सप्लाई कर रहा है। यह गैंग मुजफ्फरपुर में पहुंचाकर साढ़े आठ लाख रुपये में पिस्टल बेचता है। हाल में कई थानों में विदेशी पिस्टल जब्त की गई है। इसकी सप्लाई का कोई सुराग पुलिस को नहीं मिल पा रहा है। आशंका है कि विश्नोई गैंग से हथियार सप्लायर मुजफ्फरपुर में विदेशी पिस्टल मंगवा रहे हैं और यहीं से आसपास के जिलों में भेजे जा रहे हैं।

बीते साल अहियापुर इलाके के हथियार सप्लायर ने लॉरेंस विश्नोई के करीबी राजस्थान के ब्यावर जिले के खरवा निवासी भूपेंद्र सिंह से ऑस्ट्रिया निर्मित चार ग्लॉक पिस्टल की 34 लाख रुपये में डील की थी। बैरिया बस स्टैंड में हथियार की खेप पहुंचानी थी। गोपालगंज पुलिस की एफआईआर रिकॉर्ड के मुताबिक बैरिया में हथियार आने के बाद विश्नोई गैंग के गुर्गे राजस्थान के अजमेर निवासी कमल रावत और गायघाट के बोआरी डीह निवासी शांतनु शिवम स्थानीय हथियार तस्कर को चारों पिस्टल मुहैया करा देते। हालांकि मुजफ्फरपुर पहुंचने से पूर्व ही चारों पिस्टल गोपालगंज के कुचायकोट थाना क्षेत्र में बीते साल 17 जुलाई को जब्त कर ली गई थी। अब तक बैरिया में हथियार मंगाने वाले शातिर की पहचान नहीं हो पाई है, क्योंकि हथियार की खेप बैरिया में लेने वाला शातिर व्हाट्सअप कॉलिंग से संपर्क करता था। हालांकि उसका व्हाट्सअप नंबर पुलिस को मिला था, लेकिन सत्यापन नहीं हो पाया। अब तक बिहार पुलिस उस शातिर का सुराग ही ढूंढ रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में 3 दोस्तों की जल समाधि; दरभंगा में नहर में पलटी कार, डूबकर तीनों की मौत

इधर, गायघाट के रौनापुरा गांव में हरेंद्र राम की हत्या की सुपारी लेने वाले तीन अपराधियों के पास से इटली मेड गार्डियन पिस्टल मिली है। यह कीमती और काफी खतरनाक मानी जाती है। शार्प शूटर ही इसका इस्तेमाल करते हैं। इस पिस्टल को अहियापुर इलाके का कुख्यात हथियार तस्कर अभिषेक उर्फ बाहुबली ने तीनों अपराधियों को मुहैया कराई थी। अब तक गरहां थाने की पुलिस बाहुबली को नहीं पकड़ पाई है, जिससे स्पष्ट नहीं हो पाया कि इटली मेड पिस्टल कहां से मंगवाई। कई अपराधियों ने बाहुबली से हथियार खरीदने की बात स्वीकार की थी, जिससे पुलिस को आशंका है कि बाहुबली का जुड़ाव बड़े गैंग से है।

शिवम ने कई शातिरों को बेची ऑस्ट्रिया मेड पिस्टल

विश्नोई गैंग से जुड़कर हथियार सप्लाई करने वाले गायघाट के शांतनु शिवम ने ऑस्ट्रिया मेड कई ग्लॉक पिस्टल मुजफ्फरपुर के अपराधियों को दी थी। कुचायकोट में गिरफ्तारी के बाद उसने कबूलनामे में इसका खुलासा किया था।

नगर पुलिस ने जब्त की थी ग्लॉक पिस्टल

नगर पुलिस ने छाता बाजार के नानक शरण गली निवासी व्यवसायी नरेंद्र कुमार के घर छापेमारी कर 18 अप्रैल 2022 को ग्लॉक पिस्टल जब्त की थी। वहीं, 3 सप्लायर को गिरफ्तार किया था। छह लाख में पिस्टल की डील हुई थी।

गोविंद के पास से मिला था चेक गणराज्य का हथियार

मुशहरी पुलिस ने बीते साल शूटर गोविंद शर्मा को चेक गणराज्य निर्मित सी जेड पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया था। 15 लाख रुपये में मिलने वाली पिस्टल की मार काफी सटीक है। एक गोली लगने के बाद इंसान का बचना मुश्किल है।

क्या कहते हैं अधिकारी

हथियार तस्कर बाहुबली की गिरफ्तारी का निर्देश अहियापुर और गरहां थाने की पुलिस को दिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के बाद यह स्पष्ट हो पाएगा कि हथियार की सप्लाई कौन गैंग कर रहा है। -कोटा किरण कुमार, सिटी एसपी

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।