Three friends drown in Bihar car overturns in canal in Darbhanga Bihar बिहार में 3 दोस्तों की जल समाधि; दरभंगा में नहर में पलटी कार, डूबकर युवकों की दर्दनाक मौत, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार में 3 दोस्तों की जल समाधि; दरभंगा में नहर में पलटी कार, डूबकर युवकों की दर्दनाक मौत

कार चालक सह नर्सिंग होम संचालक शंभु यादव, सुजीत सहनी एवं अजय सहनी की मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों के शवों को नहर से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा।

Thu, 18 Dec 2025 11:27 AMSudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share
बिहार में 3 दोस्तों की जल समाधि; दरभंगा में नहर में पलटी कार, डूबकर युवकों की दर्दनाक मौत

बिहार के दरभंगा में हादसे में तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत हुई। जिले के नेहरा थाना क्षेत्र के नेहरा धूंसी के पास गत बुधवार की रात 11 बजे नहर में कार पलटने से उसमें सवार चालक सहित तीन युवकों की पानी में दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान नेहरा गांव के ही अजय सहनी, सुजीत सहनी तथा कार चालक शंभु सहनी के रूप में की गई। सभी युवक 30 वर्ष से कम उम्र के थे। अपर थानाध्यक्ष निलेश कुमार ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि रोहित सहनी, अजय सहनी, सुजीत सहनी तथा कार चालक शंभु सहनी रात में किसी काम से एक साथ निकले। सभी युवक नेहरा लुल्हवा चौक से पश्चिम रोड किनारे स्थित एक नर्सिंग होम पर एकत्रित हुए। रात अधिक होने पर नर्सिंग होम संचालक शंभु यादव रोहित, अजय एवं सुजीत को घर पहुंचाने नहर के पूर्वी तटबंध पर बनी सड़क से अपनी कार से लेकर निकला। पहले उसने रोहित सहनी को उसके घर पर पहुंचाया। इसके बाद अजय और सुजीत को उसी कार से नहर के पश्चिमी तटबंध पर स्थित मखान फोड़ा घर पर‌ पहुंचाने निकले।

सलूइस गेट सह पुलिया को पार कर तटबंध के पश्चिमी सड़क पर दक्षिण की ओर जैसे ही कार मुड़ी तो महज 50 फीट आगे कार अनियंत्रित होकर पलटकर पानी भारी नहर में गिर गई। नहर में करीब पांच फीट पानी था। उसमें डूबने से कार चालक सह नर्सिंग होम संचालक शंभु यादव, सुजीत सहनी एवं अजय सहनी की मौत हो गई। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन लगातार मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास करने लगे। फोन नहीं लगने पर परिजन उन्हें खोजने निकले। तभी उन्होंने नहर में पलटी हुई कार देखी।

इसके बाद परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों के शवों को नहर से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा। तीनों मृतक नवयुवक थे और शादीशुदा थे। शंभु यादव को छोड़कर अन्य सभी युवक मखान फोड़ने का काम करते थे। घटना की जानकारी पर वहां पहुंचे तीनों मृतकों के परिजन चीत्कार मारकर रोने लगे। उनके करुण क्रंदन से वहां सन्नाटा पसर गया।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।