नीतीश की राजनीति और जेडीयू का पिंडदान करने गयाजी आ रहे प्रधानमंत्री मोदी : लालू यादव
आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि सीएम नीतीश कुमार की राजनति और जनता दल यूनाइटेड का पिंडदान करने के लिए पीएम गयाजी आ रहे हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गयाजी दौरे पर राजनीति गर्मा गई है। लालू एवं तेजस्वी यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने पीएम मोदी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आरजेडी सुप्रीमो लालू ने तंज कसते हुए कहा कि पीएम आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की राजनतीति और उनकी पार्टी (जेडीयू) का पिंडदान करने गयाजी आ रहे हैं। वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दावा किया कि आज गयाजी में झूठ और जुमलों की दुकान लगेगी। उन्होंने पीएम से 11 साल से अपनी और 20 सालों से बिहार की नीतीश सरकार का हिसाब मांगा।
लालू यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पीएम मोदी के बिहार दौरे पर निशाना साधते हुए एक वीडियो भी पोस्ट किया। इसमें कहा गया है, “गयाजी पिंडदान के लिए जाना जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गयाजी आ रहे हैं तो बिहार को स्पेशल स्टेटस न देने, गरीबों-पिछड़ों को वोट अधिकार से वंचित करने के विचार, संवैधानिक संस्थाओं का नियंत्रित करने और बिहार को गरीब और अपराध से त्रस्त बनाने वाली डबल इंजन की सरकार का पिंडदान करें।”
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी विधानसभा चुनाव से पहले लगातार बिहार का दौरा कर विभिन्न परियोजनाओं की शुरुआत कर रहे हैं। इसी क्रम में वे शुक्रवार को गयाजी और बेगूसराय का दौरा करेंगे। बोधगया में आयोजित सभा से वे राज्य में लगभग 13 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत एनडीए के कई नेता मौजूद रहेंगे।
तेजस्वी का गाने के जरिए पीएम पर निशाना
पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को पीएम नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे से पहले एक गाना अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया है। इसमें उन्होंने प्रधानमंत्री पर जुमलों की बारिश करने और झूठे वादे करने आरोप लगाया है।




साइन इन