Lalu Kahen to Jaychandon Ko Zameen Me Gaad Denge Tej Pratap angry over misbehave with Rohini लालू कहें तो सभी जयचंदों को जमीन में दफन कर देंगे; रोहिणी से बदसलूकी पर भड़के तेज प्रताप, Bihar Hindi News - Hindustan
More

लालू कहें तो सभी जयचंदों को जमीन में दफन कर देंगे; रोहिणी से बदसलूकी पर भड़के तेज प्रताप

राबड़ी आवास में बहन रोहिणी आचार्या के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार से तेज प्रताप यादव भड़क गए और कहा कि अगर उनके पिता लालू यादव इजाजत दें तो वह सभी जयचंदों को जमीन में दफन कर देंगे।

Sun, 16 Nov 2025 09:18 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, पटना
share
लालू कहें तो सभी जयचंदों को जमीन में दफन कर देंगे; रोहिणी से बदसलूकी पर भड़के तेज प्रताप

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के सुप्रीमो लालू यादव के परिवार में हुई टूट के बाद उनके बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपनी बहन रोहिणी आचार्या का समर्थन किया है। तेज प्रताप रविवार को खुलकर रोहिणी के पक्ष में उतर आए। बहन के साथ राबड़ी आवास में हुई बदसलूकी पर भड़कते हुए उन्होंने कहा कि अगर पिता (लालू यादव) इजाजत दें, तो वे सभी जयचंदों को जमीन में दफन कर देंगे। तेज प्रताप ने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव को भी नसीहत देते हुए कहा कि बहन के साथ दुर्व्यवहार नहीं होना चाहिए था।

तेज प्रताप यादव ने अपनी बहन रोहिणी के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार से काफी नाराज दिखे। उन्होंने पटना में मीडिया से बातचीत में कहा, "जल्द ही रोहिणी दीदी से अनुरोध करूंगा कि वे हमारी पार्टी (जनशक्ति जनता दल) की राष्ट्रीय संरक्षक की जिम्मेदारी स्वीकार करें।"

बिहार चुनाव के नतीजों के बाद लालू परिवार में टूट

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों में आरजेडी की करारी हार के बाद लालू परिवार में टूट हो गई। लालू की बेटी रोहिणी आचार्या ने शनिवार को अलग-अलग सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाए कि उनके ऊपर पटना स्थित राबड़ी आवास में बदसलूकी की गई। उन्हें चप्पल दिखाया गया। रोहिणी अपने भाई तेजस्वी यादव, उनके करीबी राज्यसभा सांसद संजय यादव और रमीज पर दुर्व्यवहार के आरोप लगाए। उन्होंने राजनीति छोड़ने और परिवार से नाता तोड़ने की भी बात कही।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लालू, राबड़ी, बहनें साथ, झगड़े में सब रो रहे थे; रोते-रोते रोहिणी का गला बैठा

रोहिणी आचार्या शनिवार को रोते हुए पटना से दिल्ली चली गईं। रविवार को दिल्ली में मीडिया के सामने उन्होंने कहा कि उनके पिता लालू, मां राबड़ी और सभी बहनें उनके साथ हैं। उन्होंने सिर्फ अपने भाई (तेजस्वी) से नाता तोड़ा है। अब लालू परिवार से पूर्व में बेदखल किए जा चुके तेज प्रताप भी अपनी बहन के साथ आ गए हैं, तो तेजस्वी यादव अलग-थलग पड़ते नजर आ रहे हैं।

कौन है जयचंद?

तेज प्रताप यादव ने जिन जयचंदों को जमीन में दफन करने की बात कही है, उनका इशारा तेजस्वी के सलाहकार संजय यादव से है। अनुष्का यादव के साथ रिलेशनशिप की बात सार्वजनिक होने के बाद आरजेडी और लालू परिवार से निकाले गए तेज प्रताप ने कई मौकों पर जयचंद का जिक्र किया था। हाल ही में चुनाव के दौरान एक वीडियो में वह तेजस्वी के साथ रहे संजय यादव को जयचंद कहते हुए नजर आ रहे थे, जो सोशल मीडिया पर भी काफी वायरल हुआ था।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।