मायावती की राह पर केजरीवाल! बिहार में अकेले चुनाव लड़ेगी AAP, सीमांचल पर रहेगा खास जोर
अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी बिहार में 243 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। किसी से कोई गठबंधन नहीं करेगी। ये बात पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही। मायावती की बसपा की तरह आप भी अकेले चुनाव लड़ेगी। संजय सिंह ने कहा कि जल्द किशनगंज में पार्टी की रैली होगी।

बिहार चुनाव को लेकर सियासी दलों की तैयारियां तेज हो गई है। इसी कड़ी में अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी भी बिहार के रण में उतरेगी। पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि पार्टी बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल से चुनावी रणनीति पर चर्चा के बाद हरी झंडी मिल चुकी है। उन्होने कहा कि आम आदमी पार्टी बिहार में किसी भी सियासी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। अपनी विचारधारा के साथ जनता के बीच में जाएगी।
आपको बता दें मायावती की बहुजन समाज पार्टी भी बिहार में सभी 243 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी , और किसी से कोई अलांयस नहीं करेगी। इसका ऐलान कुछ दिन पहले बसपा चीफ मायावती ने किया है। उन्ही की राह पर अब केजरीवाल की आप भी चुनाव लड़ेगी। प्रेस वार्ता के दौरान संजय सिंह ने बताया कि वो जल्द ही किशनगंज और सीमांचल के अन्य मुस्लिम बहुल क्षेत्रों का दौरा करेंगे। वहां वे आम जनता और समुदाय के नेताओं से मुलाकात करेंगे, उनकी समस्याएं जानेंगे और उसी आधार पर पार्टी की सीमांचल रणनीति को अंतिम रूप देंगे।
वहीं बिहार में जारी वोटर लिस्ट रिवीजन के सवाल पर उन्होने कहा कि बिहार में चुनाव आयोग बीजेपी के इशारे पर काम कर रहा है। मुस्लिम और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों को योजनाबद्ध तरीके से मतदाता सूची से हटाया जा रहा है। यह एक गहरी साजिश है जिससे लोगों को उनके मतदान के अधिकार से वंचित किया जा रहा है।
आपको बता दें एक तरफ मायावती की बीएसपी, केजरीवाल की आप और प्रशांत किशोर की जन सुराज ने बिहार की सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया है, तो वहीं महागठबंधन में शामिल होने की उम्मीदें खत्म होने के बाद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ने थर्ड फ्रंट बनाकर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। इस सिलसिले में हाल ही में बनी इंडिया इंकलाब पार्टी के अध्यक्ष आईपी गुप्ता से भी मुलाकात की थी। ऐसे में बिहार का सियासी रण चुनौतीपूर्ण होने वाला है।




साइन इन