Karpoori Thakur granddaughter RCP Singh daughter ticket from Prashant Kishore Jan Suraj Party कर्पूरी ठाकुर की पोती और आरसीपी सिंह की बेटी को प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी से टिकट, Bihar Hindi News - Hindustan
More

कर्पूरी ठाकुर की पोती और आरसीपी सिंह की बेटी को प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी से टिकट

प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में कर्पूरी ठाकुर की पोती जागृति और आरसीपी सिंह के बेटी लता को टिकट दिया है। जागृति ठाकुर को मोरवा और लता सिंह को अस्थावां से प्रत्याशी बनाया गया है। 

Thu, 9 Oct 2025 04:39 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
कर्पूरी ठाकुर की पोती और आरसीपी सिंह की बेटी को प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी से टिकट

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए जारी हुई प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी की पहली कैंडिडेट लिस्ट में 51 सीटों पर नामों का ऐलान हुआ है। पीके की पार्टी ने जननायक कर्पूरी ठाकुर की पोती और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह की बेटी को भी टिकट दिया है। कर्पूरी ठाकुर की पोती जागृति ठाकुर को समस्तीपुर जिले की मोरवा सीट से प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं, रामचंद्र प्रसाद सिंह उर्फ आरसीपी सिंह की बेटी लता सिंह नालंदा जिले की अस्थावां विधानसभा सीट से जन सुराज के स्कूल बैग सिंबल पर चुनाव लड़ेंगी।

जागृति ठाकुर के मोरवा से जन सुराज का टिकट मिलना लगभग तय माना जा रहा था। उन्होंने बीते कुछ दिनों से क्षेत्र में प्रचार भी शुरू कर दिया था। जागृति, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत कर्पूरी ठाकुर के छोटे बेटे वीरेंद्र नाथ ठाकुर की बेटी हैं। पिछले साल ही वह प्रशांत किशोर के जन सुराज से जुड़ी थीं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:थर्ड जेंडर को जन सुराज ने दिया मौका, गोपालगंज के भोरे से प्रीति किन्नर को टिकट

वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष रह चुके आरसीपी सिंह की बेटी को भी जन सुराज से टिकट मिला है। लता सिंह अस्थावां से जन सुराज की प्रत्याशी बनाई गई हैं। आरसीपी सिंह ने ही गुरुवार को जन सुराज कार्यालय में पार्टी की पहली लिस्ट में शामिल उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया।

नालंदा जिले की अस्थावां विधानसभा सीट को जेडीयू का गढ़ माना जाता है। जेडीयू के जितेंद्र कुमार यहां से लगातार 5 बार से विधायक हैं। अब आगामी चुनाव में जन सुराज की लता सिंह यहां एनडीए और महागठबंधन को चुनौती देती हुई नजर आएंगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जन सुराज की पहली लिस्ट में 51 कैंडिडेट, घोषणा में प्रशांत किशोर ने बाजी मारी

दूसरी ओर, जन सुराज पार्टी में पहली कैंडिडेट लिस्ट आने के बाद गुरुवार को पार्टी दफ्तर में भारी हंगामा हो गया। लगभग एक दर्जन से ज्यादा नेताओं ने टिकट न मिलने पर नारेबाजी कर दी। रिपोर्ट्स के अनुसार, लता सिंह को टिकट दिए जाने को लेकर भी आरसीपी सिंह के खिलाफ नारेबाजी की गई।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।