Kaimur heatwave school closed roads blaze houses walls turned hot situation worsen भीषण गर्मी से दहकीं सड़कें, घरों की दीवार भी गर्म; कैमूर में हीटवेव से हालात बिगड़े, स्कूलों में छुट्टी, Bihar Hindi News - Hindustan
More

भीषण गर्मी से दहकीं सड़कें, घरों की दीवार भी गर्म; कैमूर में हीटवेव से हालात बिगड़े, स्कूलों में छुट्टी

कैमूर में भीषण गर्मी से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। लू चलने से सड़कें दहक रहे हैं, तो घरों की दीवारें भी गर्म हो जा रही हैं। सुबह 10 बजे ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। दोपहर में तो बाहर निकलना ही मुश्किल हो गया।

Wed, 20 May 2026 09:10 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, संजय क्रांति, भभुआ
share
भीषण गर्मी से दहकीं सड़कें, घरों की दीवार भी गर्म; कैमूर में हीटवेव से हालात बिगड़े, स्कूलों में छुट्टी

बिहार के कैमूर (भभुआ) जिले में असहनीय धूप और भीषण गर्मी से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। हीटवेव चलने से कमरों की दीवार और बाहर कंक्रीट की सड़कें गर्म हो जा रही हैं। इससे ना सिर्फ सड़कों पर चलने वाले लोगों, बल्कि घरों में रहनेवाले परिवार के सदस्य भी परेशान हैं। सबसे ज्यादा परेशानी उन्हें हो रही हैं, जो किसी भवन के ऊपरी मंजिल पर रह रहे हैं। ऐसे लोग गलियों एवं दरवाजे पर बैठकर गर्मी से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। कैमूर जिला बुधवार को बिहार में सबसे गर्म रहा। लू को देखते हुए डीएम ने जिले के सभी निजी और सरकारी स्कूलों में 8वीं तक के बच्चों की 23 मई तक छुट्टी कर दी है। वहीं, 8वीं से ऊपर की कक्षाओं को सुबह 10.30 बजे तक ही चलाने की अनुमति दी गई है।

भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति बाधित होने से आम जनता की परेशानी और बढ़ जा रही है। घरों के अंदर पंखे की हवा भी गर्म लग रही है। इस गर्मी से बच्चे जहां रोते दिख रहे हैं, वहीं वृद्ध बेचैन हो जा रहे हैं। स्थिति यह है कि बुधवार की सुबह 9 बजे ही तापमान 38 डिग्री पर चला गया। इसके बाद हर घंटे एक डिग्री तापमान बढ़ता गया। यानी 10 बजे 40 डिग्री, 11 बजे 41 डिग्री, 12 बजे 42 और 1 बजे 43 डिग्री पर पहुंच गया था। तापमान बढ़ने की वजह से हर कोई सुबह-शाम में अपना काम निपटाने की कोशिश में जुट जा रहा। दोपहर में सड़कें वीरान सी नजर आने लगीं।

कैमूर में बुधवार को अधिकतम 43 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 28 डिग्री दर्ज गिया गया। मौसम बताने वाली वेबसाइट के अनुसार, 21 से 24 मई तक अधिकतम तापमान 45 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। जबकि 25 मई को 46 डिग्री तापमान रहने की आशंका जताई जा रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार के 5 जिलों में कल हीटवेव का रेड अलर्ट, पटना में आंधी-बारिश के आसार

मौसम के साथ तालमेल बनाना जरूरी

आईएमए के जिला अध्यक्ष डॉ. मंटू सिंह कहते हैं कि तापमान में उतार-चढ़ाव की संभावना बन रही है। ऐसे में मौसम के साथ तालमेल बनाना जरूरी है। गर्मी एवं लू के प्रभाव से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं। कूलर, एसी, पंखा का उपयोग करें। हल्के और ढीले कपड़े पहने। त्वचा को गीला रखें। ठंडे पानी से स्नान करें। यात्रा कर रहे हों तो, किसी छायादार या वातानुकूलित स्थान पर ब्रेक लें। अधिक प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थों से बचें। ओआरएस का घोल, बेल का शरबत, आम का पन्ना, नारियल पानी, जूस पीएं। इससे गर्मी एवं लू का प्रभाव कम पड़ेगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:रोहिणी नक्षत्र से पहले ही लू जैसे हालात, जनजीवन बेहाल

डीएम के आदेश से बच्चे खुश

कैमूर के डीएम नितिन कुमार सिंह द्वारा आठवीं कक्षा तक के विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को 23 मई तक बंद कर दिए जाने से बच्चे ही नहीं उनके अभिभावक भी खुश हैं। नगरपालिका मध्य विद्यालय के अमलेश कुमार एवं पिंकी कुमारी ने बताया कि हम लोग घर पर ही पढ़ रहे हैं। आठवीं कक्षा के बाद वाली कक्षाओं का संचालन 10:30 बजे तक कर दिया गया है।

(भभुआ से संजय क्रांति की रिपोर्ट)

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।