Jogbani tension over I Love Muhammad post amid Amit Shah Bihar visit अमित शाह के दौरे के बीच बिहार में आई लव मोहम्मद पर विवाद, जोगबनी में माहौल गरमाया, Bihar Hindi News - Hindustan
More

अमित शाह के दौरे के बीच बिहार में आई लव मोहम्मद पर विवाद, जोगबनी में माहौल गरमाया

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार दौरे के बीच अररिया जिले के जोगबनी में शुक्रवार को आई लव मोहम्मद सोशल मीडिया पोस्ट पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने से माहौल गरमा गया।

Sat, 27 Sep 2025 08:15 AMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, अररिया
share
अमित शाह के दौरे के बीच बिहार में आई लव मोहम्मद पर विवाद, जोगबनी में माहौल गरमाया

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे के बीच आई लव मोहम्मद विवाद पर बिहार में भी माहौल गरमाने लगा है। सीमांचल क्षेत्र के अररिया जिले में शाह के सम्मेलन से पहले सोशल मीडिया पोस्ट पर माहौल गरमा गया। जोगबनी में शुक्रवार को तनाव की स्थिति पैदा हो गई। उग्र प्रदर्शन करते हुए लोगों ने बाजार बंद करा दिए। कथित तौर पर रोड़ेबाजी भी की गई। हालांकि, लगभग एक घंटे बाद स्थिति सामान्य होने लग गई और दुकानें खुल गईं।

गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय बिहार दौरे पर हैं। शनिवार को वे अररिया जिले में रहेंगे। फारबिसगंज में उनकी भाजपा के 10 संगठनात्मक जिलों के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक है। शाह के दौरे से पहले अररिया जिले में माहौल गरमाने से पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया।

कैसे उपजा तनाव?

बताया जा रहा है कि 'आई लव मोहम्मद' से जुड़े एक सोशल मीडिया पोस्ट पर एक स्थानीय युवक ने आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इससे लोग भड़के हुए थे। समाज के लोगों ने जोगबनी थाना पहुंचकर शुक्रवार को आपत्ति जताई और आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष के आश्वासन पर वे शांत हुए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बरेली में बवाल: पुलिस को क्यों करना पड़ा लाठीचार्ज? सामने आई बड़ी वजह

इसके बाद दूसरे समुदाय के एक संगठन के कार्यकर्ता भी सड़क पर उतर गए और प्रदर्शन करने लगे। इसे माहौल गरमा गया। बाजार बंद कराए जाने के बाद फारबिसगंज के एसडीएम रंजीत कुमार, एसडीपीओ मुकेश कुमार साह समेत अन्य आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।

भारत-नेपाल सीमा कुछ देर के लिए बंद

दूसरी ओर, जोगबनी में हंगामे को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर नेपाल की ओर बैरियर कुछ देर के लिए गिरा दिया गया था। नेपाल से जोगबनी आने वाले लोगों को वहां की पुलिस ने कुछ समय के लिए रोक दिया। बाद में सबको आने-जाने की इजाजत मिल गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार चुनाव पर अमित शाह ने ली BJP की बैठक; जायसवाल ने बताया क्या-क्या बात हुई

हंगामे के दौरान सीमा पर तैनात एसएसबी भी अलर्ट मोड में रही। इस दौरान जगह-जगह बॉर्डर, गांधी चौक, मुख्य बाजार, बालू घाट, जोगबनी बस स्टैंड, रेलवे यार्ड समेत अन्य जगहों पर जवान तैनात रहे। देर शाम तक जोगबनी के विभिन्न जगहों पर पुलिस ने कैंप किया।

डीएम अनिल कुमार ने बताया कि जोगबनी में हुई घटना पूरी तरह नियंत्रित है। बाजार में पूरी तरह शांति है। आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस संदिग्ध के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

क्या है आई लव मोहम्मद विवाद?

बीत दिनों उत्तर प्रदेश के कानपुर में बारावफात जुलूस के दौरान मुस्लिम युवाओं ने पैगंबर मुहम्मद के सम्मान में आई लव मोहम्मद के बैनर और पोस्टर लगाए थे। इस पर कुछ हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताई। इसके बाद यह विवाद देश के अन्य राज्यों में फैल गया। कुछ जगहों पर झड़पें भी हुई हैं। सोशल मीडिया पर #ILoveMhammad हैशटैग भी ट्रेंड होने लगा।

(जोगबनी से हिन्दुस्तान प्रतिनिधि के इनपुट के साथ)

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।