गया को डबल खुशखबरी, पीएम नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे से पहले जीतनराम मांझी ने रेल मंत्री का जताया आभार
जीतनराम मांझी ने ट्वीट कर कहा है कि आज गया के लिए डबल खुशखबरी वाला दिन है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार दौरे पर आ रहे हैं। मोतिहारी के गांधी मैदान से वे लगभग 7200 करोड़ की सौगात बिहार को देने वाले हैं। 11 बजे तक पीएम मोतिहारी पहुंचेंगे। इससे पहले केंद्रीय एमएसएमई मंत्री जीतनराम मांझी ने सोशल मीडिया के माध्यम से पीएम और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है। पीएम बिहार से चलने वाली चार अमृत भारत एक्सप्रेस का भी शुभारंभ करेंगें। पीएम के मंच पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा समेत एनडीए के सभी बड़े नेता एक साथ देखे जा सकते हैं।
जीतनराम मांझी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा है- लिजिए भाई गयाजी के लिए एक साथ डबल खुश खबरी भी सुन हा लिजिए। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा 4 अमृत भारत ट्रेन का शुभारंभ होने जा रहा है जहां मुझे भी उपस्थित रहना है। इसमें से मालदा टाउन से गोमती नगर के लिए नई अमृत भारत ट्रेन का भी शुभारंभ किया जाएगा जिसका ठहराव मानपुर और गयाजी स्टेशन दो जगहों पर होने वाला है। केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी का गयाजी की जनता मालिक की ओर से हार्दिक धन्यवाद।
जानकारी के मुताबिक पीएम सुबह दस बजे दरभंगा एयरपोर्ट पर उतरेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर से सभा स्थल पर पहुंचेंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां, सीएम नीतीश कुमार, दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत एनडीए के तमाम नेतागण शामिल होंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा है कि जनसभा की तैयारी पूरी कर ली गई है।
मोतिहारी के गांधी मैदान में जनसभा को प्रधानमंत्री संबोधित करेंगे। साथ ही वह बिहार को 7217 करोड़ की योजनाओं की सौगात भी देंगे। इनमें कई योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास शामिल है। चार अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। वे प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 40 हजार लाभार्थियों को 162 करोड़ की राशि के साथ 61,500 स्वयं सहायता समूहों को 400 करोड़ की सामुदायिक निधि जारी करेंगे। बिहार चुनाव को देखते हुए पीएम तिरहुत के सभी विधानसभा क्षेत्रों में एनडीए को मजबूत करने का मंत्र भी समर्थकों और कार्यकर्ताओं को देंगे।




साइन इन