रितेश पांडे के पास 2.29 करोड़ की संपत्ति, हलफनामे में हुआ खुलासा; जानें कितनी है सालाना कमाई
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले राजनीतिक तापमान चढ़ने लगा है। जन सुराज पार्टी से जुड़े भोजपुरी गायक और अभिनेता रितेश रंजन पांडे ने करगहर विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल किया है। अपने शपथ पत्र में उन्होंने करीब 2.29 करोड़ रुपये की संपत्ति होने की जानकारी दी है।

बिहार विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में होने वाले चुनाव को लेकर उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर रहे हैं। इसी क्रम में प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज से भोजपुरी के लोकप्रिय गायक रितेश रंजन पांडे ने भी करगहर विधानसभा सीट से नामांकन किया है। अपने शपथ पत्र में उन्होंने अपनी संपत्ति का खुलासा किया है। जिसके मुताबिक उनके पास 2 करोड़ 29 लाख 65 हजार की संपत्ति है। जबकि बीते पांच सालों में कमाई की बात करें तो 24 लाख 86 हजार 180 रुपये की कमाई की।
भोजपुरी स्टार रितेश पांडे के पास 50 हजार कैश है। वहीं, उनकी पत्नी वैशाली पांडे के पास 40 हजार कैश है। इसके अलावा उनके विभिन्न बैंक अकाउंट में लगभग 49.95 लाख रुपये जमा हैं। आभूषणों की बात करें तो उनके पास 1 लाख 15 हजार की सोने की चेन है। जबकी पत्नी के पास कुल 2 लाख 15 हजार के ज्वेलरी हैं। रितेश पांडे पर 51 लाख 51 हजार 554 का होम लोन और 58 लाख 35 हजार 186 का कार लोन भी है।
जन सुराज नेता और भोजपुरी गायक के पास अचल संपत्ति में 40 लाख की कृषि भूमि, करीब 54 लाख 82 हजार की गैर-कृषि भूमि है। इसके अलावा उनके पास आवासीय भवन (वाराणसी और विरासत में प्राप्त) शामिल हैं। रितेश पांडे ने अपनी आय का मुख्य स्रोत गायक सह अभिनय बताया है।
12वीं पास हैं रितेश पांडे
शपथ पत्र के अनुसार, रितेश रंजन के खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है और उन्हें किसी भी आपराधिक मामले में दोष सिद्ध नहीं किया गया है । आपराधिक पृष्ठभूमि के मामले में, उनका रिकॉर्ड शून्य है। रितेश पांडे की उच्चतम शैक्षिक योग्यता 12वीं (इंटरमीडिएट) पास है, जो उन्होंने 2008-09 में सीओएमओडी लोचन शिवपुर, वाराणसी से पूरी की थी।




साइन इन