Jan Suraaj will not contest Muslim against Mahagathbandhan Muslim candidates Prashant Kishor challenges Tejashwi महागठबंधन के मुस्लिम से मुसलमान को नहीं लड़ाएगी जन सुराज, प्रशांत किशोर का तेजस्वी को चैलेंज, Bihar Hindi News - Hindustan
More

महागठबंधन के मुस्लिम से मुसलमान को नहीं लड़ाएगी जन सुराज, प्रशांत किशोर का तेजस्वी को चैलेंज

प्रशांत किशोर ने तेजस्वी यादव को चुनौती देते हुए कहा कि बिहार चुनाव में जन सुराज पार्टी महागठबंधन के मुस्लिम कैंडिडेट के सामने मुसलमान को नहीं लड़ाएगी, आरजेडी भी जन सुराज के मुस्लिम उम्मीदवार के सामने मुसलमान न उतारें।

Wed, 24 Sep 2025 09:56 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, गयाजी
share
महागठबंधन के मुस्लिम से मुसलमान को नहीं लड़ाएगी जन सुराज, प्रशांत किशोर का तेजस्वी को चैलेंज

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मुस्लिम कैंडिडेट के सामने जन सुराज पार्टी मुसलमान उम्मीदवार नहीं उतारेगी। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बुधवार को यह बात कही। उन्होंने लालू एवं तेजस्वी यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) को चैलेंज दिया है कि अगर उन्हें मुसलमानों की इतनी चिंता है कि जहां जन सुराज मुस्लिम उम्मीदवार उतारेगी, वहां वे भी इस समुदाय से कैंडिडेट न उतारें।

प्रशांत किशोर ने बुधवार को गयाजी के बाराचट्टी विधानसभा में मुस्लिमों से संवाद कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा, “जो दल अपने आप को मुसलमानों का रहनुमा कहते हैं, उन्हें मुस्लिमों की इतनी चिंता है तो जन सुराज यह घोषणा कर रहा है कि जहां पर वे मुसलमानों को टिकट देंगे, वहां जन सुराज मुसलमान नहीं लड़ाएंगे।”

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अल्लाह के सिवाय किसी से न डरें; मुसलमानों से संवाद करने निकल पड़े प्रशांत किशोर

पीके ने आगे कहा, “अगर उन्हें (आरजेडी-महागठबंधन) भारतीय जनता पार्टी को हराने की इतनी चिंता है, तो यह घोषणा करके बता दें।” बता दें कि प्रशांत किशोर ने आगामी चुनाव से पहले मुसलमानों को साधने के लिए गयाजी से बुधवार को बिहार बदलाव इजलास अभियान की शुरुआत की। इसके तहत वे विभिन्न जिलों में जाकर मुसलमान बुद्धिजीवियों से संवाद कर रहे हैं।

प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी बिहार की सभी 243 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने जा रही है। पीके पूर्व में ऐलान कर चुके हैं कि उनकी पार्टी से 40 सीटों पर मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया जाएगा।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।