जेल जा चुका हूं, एके-47 से भून दूंगा; भाजपा विधायक को जान से मारने की धमकी; क्या है मामला?
मुजफ्फरपुर के भाजपा विधायक रंजन कुमार ने पुलिस थाने में अपनी छवि खराब करने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। विधायक का आरोप है कि एक व्यक्ति ने उन्हें एके 47 से भूनने की धमकी दी है।

बिहार के मुजफ्फरपुर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक रंजन कुमार को जान से मारने की धमकी मिली है। नगर विधायक ने मिठनपुरा पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराने के लिए शनिवार को आवेदन दिया है। भाजपा विधायक का आरोप है कि सोशल मीडिया पर उन्हें बदनाम करने और छवि खराब करने के उद्देश्य से एक युवक ने भ्रामक पोस्ट शेयर किया है। जब विधायक कुछ लोगों के साथ उससे बात करने पहुंचे तो आरोपी ने रंजन कुमार को एके-47 से भून देने की धमकी दे दी। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी विधायक के खिलाफ शिकायत पुलिस को दी गई है।
विधायक रंजन कुमार ने कन्हौली निवासी मुकुंद कुमार और पताही के एक युवक को आरोपी बनाया है। भाजपा विधायक ने शनिवार को पुलिस को बताया कि आरोपी मुकुंद कुमार सोशल मीडिया प्रोफाइल के माध्यम से लगातार मुजफ्फरपुर विधानसभा क्षेत्र को लेकर भ्रामक पोस्ट साझा कर रहा है। विधायक का आरोप है कि बीती रात आरोपी ने उनकी तस्वीर का गलत इस्तेमाल कर उनका छवि खराब करने का प्रयास किया।
मारपीट का भी आरोप
जब विधायक अपनी टीम के सदस्यों और मोहल्ले के लोगों के साथ आरोपी के आवास पर पूछताछ करने पहुंचे तो मुकुंद कुमार उग्र हो गया। उसने विधायक और उनके साथ आए लोगों को ना सिर्फ गालियां दीं, बल्कि उनके साथ मारपीट भी शुरू कर दी।
भाजपा विधायक ने लिखित शिकायत में बताया कि आरोपी मुकुंद कुमार ने खुद के अपराधी होने का दावा करते हुए कहा कि वह जेल जाने से नहीं डरता है। उसने धमकी दी कि वह पूर्व में एके-47 हथियार रखने के अपराध में जेल जा चुका है। उसी हथियार से वह सबको भून देगा।
विधायक ने एसएसपी से लगाई गुहार
विधायक रंजन कुमार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की जाए और आईटी अधिनियम के तहत दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। विधायक ने आवेदन की कॉपी मुजफ्फरपुर के एसएसपी और साइबर थानेदार को भी भेजी है।
फिलहाल पुलिस डिजिटल साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है। मिठनपुरा थानेदार अजय कुमार ने बताया कि मामले में वरीय अधिकारी के आदेश पर एफआईआर दर्ज करने की कवायद की जा रही है।
विधायक के खिलाफ भी शिकायत
पुलिस की मानें तो दूसरे पक्ष से मुकुंद कुमार ने भी नगर विधायक और उनके समर्थकों पर घर पर चढ़ कर मारपीट का आरोप लगाते हुए मिठनपुरा थाने में आवेदन दिया है। उसकी भी जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
(मुजफ्फरपुर से हिन्दुस्तान संवाददाता की रिपोर्ट)




साइन इन