पटना और गया एयरपोर्ट से इंटरनेशनल फ्लाइट उड़ेंगी, नीतीश कैबिनेट से विशेष पैकेज पास
नीतीश कैबिनेट ने बिहार से अंतरराष्ट्री उड़ानें शुरू करने के लिए विशेष पैकेज की घोषणा की है। इसके जरिए पटना एयरपोर्ट से काठमांडू के लिए फ्लाइट शुरू हो सकेगी। गया एयरपोर्ट से भी इंटरनेशनल रूट पर कनेक्टिविटी बढ़ेगी।

बिहार से अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा का रास्ता खुला है। पटना एयरपोर्ट से नेपाल के काठमांडू के लिए फ्लाइट शुरू हो सकती है। वहीं, गया हवाई अड्डा से भी कई देशों के लिए विमान सेवा शुरू करने की कवायद की जा रही है। बिहार सरकार ने इसके लिए अहम कदम उठाया है। पटना और गया एयरपोर्ट से इंटरनेशनल रूट पर उड़ान संचालित करने पर विमानन कंपनियों को वित्तीय प्रोत्साहन दिया जाएगा। नीतीश कैबिनेट ने इस संबंध में विशेष पैकेज की घोषणा की है।
पटना के जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से नेपाल के काठमांडू के लिए फ्लाइट शुरू करने पर 5 लाख रुपये का पैकेज दिया जाएगा। बता दें कि पटना एयरपोर्ट से अभी घरेलू विमानों का ही संचालन किया जाता है। यह सिर्फ नाम का अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है। यहां अभी तक इंटरनेशनल फ्लाइट नहीं शुरू हो पाई है। सरकार के विशेष पैकेज से पटना से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने की कवायद की जा रही है।
वहीं, गयाजी के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से भी विभिन्न देशों के लिए उड़ानें शुरू करने के लिए विमानन कंपनियों को प्रोत्साहन मिलेगा। नीतीश सरकार गयाजी से शारजाह (यूएई), बैंकॉक (थाईलैंड), कोलंबो (श्रीलंका) और सिंगापुर के लिए फ्लाइट चलाने के लिए 10 लाख रुपये ट्रिप अराउंड पैकेज दिया जाएगा।
बता दें कि गयाजी से थाइलैंड, वियतनाम और श्रीलंका जैसे देशों के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन होता रहा है। अक्टूबर से मार्च के महीने में इन देशों से बौद्ध धर्म के अनुयायी महाबोधि मंदिर में दर्शन करने बोधगया आते हैं। हालांकि, अमूमन गर्मियों एवं मॉनसून के सीजन में अंतरराष्ट्रीय उड़ानो को बंद कर दिया जाता है।
वर्तमान में गया एयरपोर्ट से सिर्फ घरेलू उड़ानें चल रही हैं, एक भी इंटरनेशनल फ्लाइट नहीं संचालित हो रही है। विशेष पैकेज के बाद अगर गयाजी से शारजाह की फ्लाइट शुरू होती है, तो बिहार की खाड़ी देशों से कनेक्टिविटी आसान हो जाएगी। इससे राज्य में व्यापार को मजबूती मिलेगी और वहां काम करने वाले प्रवासियों को अपने वतन आने-जाने में सुविधा मिलेगी।




साइन इन