injury marks on girls back and head who fall from Apartment Balcony in patna phulwarisharif brother alleged छात्रा की पीठ-कमर पर चोट के निशान, पटना के फुलवारीशरीफ में लड़की की मौत पर रहस्य गहराया, Bihar Hindi News - Hindustan
More

छात्रा की पीठ-कमर पर चोट के निशान, पटना के फुलवारीशरीफ में लड़की की मौत पर रहस्य गहराया

छात्रा के भाई का कहना है कि अंतिम संस्कार की रस्म के दौरान छात्रा की पीठ, कमर और सिर पर जख्म के निशान दिखे। उसके साथ गलत होने की आशंका पर परिजन दोपहर में अपार्टमेंट पहुंचे। दो घंटे तक उन्हें फुटेज नहीं दिखाया गया। हंगामे और दबाव के बाद फुटेज दिखाया गया।

Fri, 13 Feb 2026 06:33 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान प्रतिनिधि, पटना
share
छात्रा की पीठ-कमर पर चोट के निशान, पटना के फुलवारीशरीफ में लड़की की मौत पर रहस्य गहराया

पटना में अपार्टमेंट के चौथे तल्ले की बालकनी से गिरकर संदिग्ध हालत में एक छात्रा की मौत के मामले में परिजनों के दावे से पूरे मामले में रहस्य और गहरा गया है। घटना गुरुवार की सुबह फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के हरिनगर स्थित सुमित्रा हाइट अपार्टमेंट में हुई। 16 वर्षीय छात्रा फुलवारीशरीफ के चकमुसा की रहनेवाली थी। वह 12वीं में पढ़ती थी और अपार्टमेंट के पहले तल्ले पर संचालित कोचिंग में पढ़ने जाती थी।

छात्रा के परिजनों ने बालकनी से फेंक कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका के भाई ने बताया कि शिक्षक की बातों से शुरुआत में उन्हें लगा कि चक्कर आने से गिरकर बहन की मौत हुई है। लिहाजा वे शव को अंतिम संस्कार के लिए घर ले गए थे। अंतिम संस्कार की रस्म के दौरान छात्रा की पीठ, कमर और सिर पर जख्म के निशान दिखे। उसके साथ गलत होने की आशंका पर परिजन दोपहर में अपार्टमेंट पहुंचे। दो घंटे तक उन्हें फुटेज नहीं दिखाया गया। हंगामे और दबाव के बाद फुटेज दिखाया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:फागुन में ही सूख रही गंगा, बिहार में इस बार भीषण गर्मी के आसार

छात्रा जमीन पर गिरी थी, गार्ड होश में लाने की कोशिश कर रहा था

कोचिंग के शिक्षक रुपेश कुमार ने बताया कि कोचिंग प्रतिदिन सुबह सवा आठ बजे से संचालित होती है। गुरुवार की सुबह वह कोचिंग में बैठे थे। इसी दौरान दो छात्र दौड़ते हुए आए। दोनों ने बताया कि नीचे एक छात्रा बेहोश पड़ी है। वे तत्काल नीचे पहुंचे तो देखा कि छात्रा जमीन पर गिरी हुई है और गार्ड उसका मुंह व नाक दबाकर होश में लाने की कोशिश कर रहा है। इसके बाद एक कार चालक की मदद से उसे एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों से उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।

दो माह पहले कोचिंग की जगह बदली थी

छात्रा 11वीं कक्षा से ही उस कोचिंग में पढ़ रही थी। पहले यह कोचिंग खगौल में संचालित होती थी। दो माह पूर्व ही उसे इस अपार्टमेंट के प्रथम तल पर स्थानांतरित किया गया था। परिजनों ने आशंका जताई कि ऐसा प्रतीत होता है कि युवक छात्रा को पकड़ने के लिए जा रहे थे या उससे गलत करने की कोशिश की गई होगी। बचने की कोशिश के दौरान छात्रा छत से नीचे गिर गई होगी। एक युवक उसे ऑटो से उतरते समय से ही पीछा कर रहा था। परिवार वालों ने पीछा करने वाले एक युवक को दबोच कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। वह उसी फ्लैट में बढ़ई का काम करता है, जहां यह घटना हुई।

सीसीटीवी फुटेज में अपार्टमेंट की सीढ़ी पर लड़की के पीछे जाते दो युवक समेत चार लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इनमें वहां का गार्ड और उस फ्लैट में काम कर रहा बढ़ई भी शामिल है। पुलिस के अनुसार गुरुवार की सुबह छात्रा कोचिंग आई थी। अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से उसके नीचे गिरने की बात कही जा रही है। घटना के बाद कोचिंग संचालक ने पुलिस को सूचना नहीं दी। छात्रा को इलाज के लिए एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए घर लेकर चले गए।

जब घरवालों ने देखा कि उसके शरीर पर चोट के निशान हैं तो परिवार वाले सीसीटीवी कैमरा देखने पहुंचे। सीसीटीवी में दो युवक छात्रा के पीछे जाते दिखे। इसके बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। पुलिस भी मौके पर पहुंची और छानबीन में जुटी। उधर, घर से वापस शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स ले जाया गया। शाम सात बजे एफएसएल टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। साक्ष्य एकत्रित किए गए। जिस बालकनी से गिरने से यह घटना हुई वहां कोई नहीं रहता है। उस फ्लैट में काम चल रहा है। घटनास्थल के पास ही छात्रा की चप्पल पड़ी मिली।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नेहरू पथ, जगदेव पथ समेत इन इलाकों में नहीं चलेंगी गाड़ियां,बदली ट्रैफिक व्यवस्था
ये भी पढ़ें:बीच सड़क भांजे ने मामा को चापड़ से गोदा, पटना में खौफनाक मर्डर;क्या बोला हत्यारा
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।