बिहार में अब पीएनजी कनेक्शन के लिए ऑनलाइन करें अप्लाई, क्या है तरीका
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने कहा कि बिहार में घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और उपभोक्ता अनुकूल बनाया गया है। अब आम नागरिक घर बैठे ही ऑनलाइन घरेलू पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं।

ईरान-इरजराइल और अमेरिका युद्ध की वजह से भारत सहित कई देशों में एलपीजी उपलब्धता को लेकर भारी समस्या खड़ी हो गई है। इस बीच बिहार में जो लोग पीएनजी कनेक्शन लेना चाहते हैं उनके लिए अच्छी खबर है। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने कहा कि बिहार में घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और उपभोक्ता अनुकूल बनाया गया है। अब आम नागरिक घर बैठे ही ऑनलाइन घरेलू पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
विभाग ने बुधवार को बताया है कि किस जिले में कौन सी कंपनियां पीएनजी कनेक्शन देंगी, इसका निर्धारण पहले से किया हुआ है। पटना जिले में गेल, बांका में एचपीसीएल, बेगूसराय में थींक गैस, गया एवं नालंदा में आईओएजीपीएल, दरभंगा, गोपालगंज, मधुबनी, पश्चिमी चम्पारण, पूर्वी चम्पारण, शिवहर, सीतामढ़ी, सीवान एवं सुपौल में बीपीसीएल तथा शेष जिलों में आईओसीएल सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी घरेलू पीएनजी गैस कनेक्शन देती है। इच्छुक उपभोक्ता अपने जिले के संबंधित सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर निःशुल्क ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
आवेदन के बाद उपभोक्ता को निर्धारित प्रारूप में आवश्यक दस्तावेज जैसे पहचान प्रमाण एवं पता प्रमाण अपलोड करना अनिवार्य होगा। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद उपभोक्ता को एक यूनिक बीपी (बिजनेस पार्टनर) नंबर मिलेगा, जो आगे की सभी सेवाओं एवं बिलिंग प्रक्रिया के लिए आवश्यक होगा। घरेलू पीएनजी कनेक्शन के लिए उपभोक्ताओं को सुरक्षा जमा राशि के रूप में ₹4500 रुपये (बिना ब्याज, रिफंडेबल) का एकमुश्त भुगतान करना होगा।
इधर ईरान और अमेरिका-इजराइल जंग के बीच केंद्र सरकार ने बुधवार को नए आदेश जारी किए। इसके मुताबिक, पीएनजी वाले इलाकों में कनेक्शन लेना अनिवार्य होगा। सरकार ने ऐसे लोगों को एलपीजी की आपूर्ति बंद करने का फैसला किया है।
अफवाहों से बचें लोग
पेट्रोलियम मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि यदि लोग कनेक्शन नहीं लेंगे तो तीन महीने बाद गैस सिलेंडर की आपूर्ति बंद कर दी जाएगी। हालांकि, जहां पाइप कनेक्शन देना तकनीकी रूप से संभव नहीं है, वहां एनओसी के आधार पर एलपीजी आपूर्ति जारी रहेगी। सरकार ने देश में पेट्रोलियम पदार्थों की किसी तरह की किल्लत से इनकार करते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। सरकार ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और पीएनजी की आपूर्ति सामान्य है।
घबराहट में खरीदारी न करने की अपील
संयुक्त सचिव ने कहा कि देश में तेल रिफाइनरी पूरी क्षमता के साथ काम कर रही हैं। पेट्रोल, डीजल और गैस की कमी नहीं है। उन्होंने अपील की कि लोग घबराहट में खरीदारी नहीं करें।
किराएदार को एनओसी लेने पर ही मिलेगा सिलेंडर
किराएदारों को घर मालिक के नाम पर पीएनजी कनेक्शन लेना होगा। यदि मकान मालिक पीएनजी लगवाने के लिए अपनी सहमति नहीं देता है, तो किराएदार को पीएनजी वितरण एजेंसी से एनओसी लेनी होगी, तभी वह एलपीजी कनेक्शन रख पाएगा।




साइन इन