ज्ञानेश कुमार 4 अक्टूबर से दो दिन के बिहार दौरे पर, चुनाव की तारीख के ऐलान से पहले फाइनल रिव्यू
बिहार चुनाव की तैयारियों को लेकर चुनाव आयोग 4-5 अक्टूबर को दो दिन के बिहार दौरे पर आएगा। दौरे पर मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों निर्वाचन आयुक्त शामिल रहेंगे। चुनाव आयोग की उच्चस्तरीय टीम द्वारा राज्य में विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।

बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग का दौरा 4-5 अक्टूबर को होगा। दौरे में मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों निर्वाचन आयुक्त शामिल रहेंगे। आयोग की उच्चस्तरीय टीम राज्य में विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करेगी। इसके पहले तीन अक्टूबर को नई दिल्ली में बिहार चुनाव के पर्यवेक्षकों के साथ आयोग की बैठक होगी। इसमें सामान्य, पुलिस और व्यय तीनों पर्यवेक्षक शामिल रहेंगे। तैयारियों की समीक्षा के बाद किसी भी दिन चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा की जा सकती है।
चुनाव आयोग के सूत्रों ने शनिवार को बताया कि उच्चस्तरीय टीम के बिहार दौरे में राज्य में कानून-व्यवस्था एवं चुनाव संबंधी तैयारियों सहित तमाम पहलुओं की समीक्षा की जाएगी। आयोग की टीम राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, सभी केंद्रीय एजेंसियों के राज्य प्रमुख, सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी, जिलों के वरीय पुलिस अधीक्षकों के साथ अलग-अलग बैठक करेगी।
राज्य निर्वाचन आयुक्त के साथ भी बैठक होगी। इसके अतिरिक्त चुनाव आयोग की उच्चस्तरीय टीम राज्य के सभी राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ अलग से बैठक करेगी। उनसे सलाह एवं सुझाव लिए जाएंगे। चुनाव आयोग की टीम के वापस दिल्ली लौटने के बाद बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होगा। इसके पहले केंद्रीय सुरक्षा बलों के प्रमुखों के साथ बैठक कर बिहार में तैनाती को लेकर निर्णय लिया जाएगा।




साइन इन