Good News Darbhanga airport will be of international level AAI what Sanjay Jha said खुशखबरी! इंटरनेशनल लेवल का बनेगा दरभंगा एयरपोर्ट, AAI से मिली मंजूरी; संजय झा ने और क्या बताया?, Bihar Hindi News - Hindustan
More

खुशखबरी! इंटरनेशनल लेवल का बनेगा दरभंगा एयरपोर्ट, AAI से मिली मंजूरी; संजय झा ने और क्या बताया?

राज्य सरकार के अधिकारियों से बातचीत का हवाला देते हुए संजय झा ने बताया कि अतिरिक्त भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया छह से आठ महीने में पूरी कर ली जाएगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की शुरू से इच्छा रही है कि दरभंगा एयरपोर्ट अंतरराष्ट्रीय का स्तर बने।

Mon, 28 Oct 2024 06:43 AMSudhir Kumar हिन्दुस्तान, पटना
share
खुशखबरी! इंटरनेशनल लेवल का बनेगा दरभंगा एयरपोर्ट, AAI से मिली मंजूरी; संजय झा ने और क्या बताया?

बिहार वासियों के लिए खुशखबरी है। दरभंगा एयरपोर्ट अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनेगा। इसके लिए रनवे की लंबाई नौ हजार से 12 हजार फीट तक बढ़ाने के प्रस्ताव को एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने स्वीकृति दे दी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट के लिए राज्य सरकार से 90 एकड़ अतिरिक्त भूमि की मांग की गई है। यह जानकारी राज्यसभा सांसद और जनता दल यूनाइटेड(जेडीयू) के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने दी है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसके लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखा था।

रविवार को जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने सोशल मीडिया पर उक्त जानकारी साझा की। उन्होंने राज्य सरकार के अधिकारियों से बातचीत का हवाला देते हुए बताया कि अतिरिक्त भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया छह से आठ महीने में पूरी कर ली जाएगी।संजय झा ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की शुरू से इच्छा रही है कि दरभंगा एयरपोर्ट अंतरराष्ट्रीय का स्तर बने। मुख्यमंत्री ने तत्कालीन केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को पत्र लिखकर दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया था। सीएम के स्तर पर इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दरभंगा एयरपोर्ट से शुरू होगी इंडिगो की फ्लाइट; दिल्ली-मुबंई जाना होगा आसान

उन्होंने कहा कि मैंने गत 21 सितंबर को नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू को सौंपे ज्ञापन में बताया था कि दरभंगा एयरपोर्ट नेपाल सीमा से बहुत दूर नहीं है। वहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाना रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होगा। अब मंत्रालय ने इसे फाइनल कर दिया है तो बिहार के लिए बहुत अच्छी बात है। इसका फायदा देश भर के लोगों को मिलेगा।

बताते चलें कि ‘उड़ान योजना’ के तहत शुरू दरभंगा एयरपोर्ट की स्थापना की गयी थी। यह हवाई अड्डा बिहार के 14 जिलों की छह करोड़ आबादी को हवाई संपर्कता प्रदान करता है। यहां से आवागमन करने वाले यात्रियों की संख्या वर्ष 1,53,281 से बढ़कर 2023-2024 में 5,26,066 हो चुकी है। यहां 52.65 एकड़ भूमि पर 912 करोड़ रुपये की लागत से नये सिविल एन्क्लेव के निर्माण का शिलान्यास प्रधानमंत्री कर चुके हैं।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।