girl murdered boy after he refused to marriage one sided love bihar gayaji लड़की ने एकतरफा प्यार में लड़के की कराई हत्या, बिहार में बेटे की लाश मिली तो बोले परिजन, Bihar Hindi News - Hindustan
More

लड़की ने एकतरफा प्यार में लड़के की कराई हत्या, बिहार में बेटे की लाश मिली तो बोले परिजन

परिजनों का आरोप है कि अंकित की हत्या एक लड़की ने साजिश रचकर कराई है। पिता का कहना है कि लड़की अंकित पर शादी का दबाव बना रही थी। दोनों आपस में रिश्तेदार थे, जिस कारण परिवार ने शादी से इनकार कर दिया था। आरोप है कि इसके बाद धमकियां दी जाने लगीं।

Sun, 11 Jan 2026 10:35 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान, कार्यालय संवाददाता, गयाजी
share
लड़की ने एकतरफा प्यार में लड़के की कराई हत्या, बिहार में बेटे की लाश मिली तो बोले परिजन

बिहार के गयाजी जिले में एक युवक की लाश मिलने के बाद परिजनों ने कई संगीन आरोप लगाए हैं। यहां मेडिकल थाना क्षेत्र के पत्तल बिगहा के पास बालू स्टोरेज के नजदीक गुरुवार को मिला युवक का शव अब अज्ञात नहीं रहा। मृतक की पहचान अंकित यादव उर्फ लालू (22) के रूप में हुई है। वह अपने परिवार का सबसे छोटा बेटा था। हाल ही में बीए की पढ़ाई पूरी की थी और भविष्य को लेकर सपने देख रहा था। पिता ऋषि यादव बोधगया के शाक्यमुनि कॉलेज में कार्यरत हैं।

गुरुवार की सुबह रोज की तरह सामान्य थी। करीब दस बजे लालू ने घर पर खाना खाया। तभी उसके मोबाइल पर एक कॉल आया। फोन आते ही वह जल्दबाजी में खाना खत्म कर बाइक लेकर घर से निकल गया। परिजनों ने सोचा कि कोई जरूरी काम होगा। लेकिन, जब दोपहर बीत गई और शाम तक वह नहीं लौटा तो चिंता बढ़ गई। परिजनों ने कई बार फोन किया। लेकिन, मोबाइल बंद मिला।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में उत्तर से लेकर दक्षिण तक कोल्ड डे की चेतावनी,कब तक पड़ेगी कड़ाके की ठंड

शाम करीब सात बजे परिजनों को एक तस्वीर दिखाई गई, जिसमें गोली लगे युवक का शव था। खबर सुनते ही परिवार मेडिकल थाना पहुंचा। वहां पता चला कि एक अज्ञात युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। अस्पताल पहुंचने पर शव की पहचान लालू के रूप में हुई। पिता ऋषि यादव बताते हैं कि शव देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मृतक के सिर में दो गोलियां लगी थीं। घटनास्थल से एक पिस्टल और एक खोखा भी बरामद किया गया है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का माना जा रहा है। हालांकि हत्या वहीं हुई या शव को कहीं और से लाकर फेंका गया, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

परिजनों का आरोप है कि अंकित की हत्या एक लड़की ने साजिश रचकर कराई है। पिता का कहना है कि लड़की अंकित पर शादी का दबाव बना रही थी। दोनों आपस में रिश्तेदार थे, जिस कारण परिवार ने शादी से इनकार कर दिया था। आरोप है कि इसके बाद धमकियां दी जाने लगीं। बड़े भाई राजा यादव के अनुसार, फेसबुक चैट में भी शादी और जान से मारने की धमकियों के संकेत मिले थे।

परिजनों ने मेडिकल थाने में लड़की और उसके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजन पूरे मामले में सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार के विश्वविद्यालयों में शिक्षकों के 4000 पद खाली, गेस्ट टीचर के भरोसे पढ़ाई
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।