cold day alert in bihar north to south dense fog and Bone chilling cold in next three days weather report Bihar Weather: बिहार में उत्तर से लेकर दक्षिण तक कोल्ड डे की चेतावनी, कब तक पड़ेगी कड़ाके की ठंड; मौसम का हाल, Bihar Hindi News - Hindustan
More

Bihar Weather: बिहार में उत्तर से लेकर दक्षिण तक कोल्ड डे की चेतावनी, कब तक पड़ेगी कड़ाके की ठंड; मौसम का हाल

Bihar Weather: दक्षिण बिहार के 19 जिलों और उत्तर के 12 जिलों में घने कोहरे के आसार हैं। वहीं सोमवार और मंगलवार को ज्यादातर जिलों में शीत दिवस और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।

Sun, 11 Jan 2026 10:16 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान, पटना
share
Bihar Weather: बिहार में उत्तर से लेकर दक्षिण तक कोल्ड डे की चेतावनी, कब तक पड़ेगी कड़ाके की ठंड; मौसम का हाल

Bihar Weather: पटना समेत पूरे बिहार में ठंड और कोहरे का कहर जारी है। राज्य में रविवार से तीन दिनों तक कड़ाके की ठंड पड़ेगी। इससे लोगों को कनकनी और ठिठुरन का अधिक एहसास होगा। रविवार को उत्तर बिहार के 12 और दक्षिण के पांच जिलों में शीत दिवस की चेतावनी है।

साथ ही दक्षिण बिहार के 19 जिलों और उत्तर के 12 जिलों में घने कोहरे के आसार हैं। वहीं सोमवार और मंगलवार को ज्यादातर जिलों में शीत दिवस और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट आने से 32 जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे रहा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार के सभी शहरों में ऑटो-ई रिक्शा के नए रूट बनेंगे, अलग-अलग रंग और कोड भी

पटना आज शीत दिवस की चपेट में रहेगा

पटना में रविवार को शीत दिवस की चेतावनी है। साथ ही सुबह में घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। वहीं, शनिवार को पटना लगातार दूसरे दिन शीत दिवस की चपेट में रहा। हालांकि, दिन में धूप निकलने के कारण लोगों को ठंड से आंशिक तौर पर राहत मिली। इसके कारण अधिकतम तापमान में 2.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। पटना का अधिकतम तापमान 17.6 और न्यूनतम 8.5 डिग्री दर्ज किया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार के विश्वविद्यालयों में शिक्षकों के 4000 पद खाली, गेस्ट टीचर के भरोसे पढ़ाई

मुजफ्फरपुर में कैसा रहेगा मौसम

पिछले कुछ दिनों से जारी तापमान में उतार चढ़ाव का दौर शनिवार को भी जारी रहा। दोपहर तक मध्यम दर्जे के बादल छाए रहे। उसके बाद निकली धूप से अधिकतम तापमान में चार डिग्री का सुधार आया। हालांकि, शाम होते कनकनी ने परेशान किया। इस बीच मौसम विभाग ने रविवार को भी सुबह में बादल और दोपहर में देर से धूप निकलने की संभावना जताई है। पूसा स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि अगले तीन-चार दिनों में पछुआ हवा की गति कम होने से तापमान में वृद्धि हो सकती है।

भागलपुर में मौसम का हाल

उत्तर-पश्चिम भारत में समुद्र तल से 12.6 किमी ऊपर 130 नॉट की रफ्तार से चल रही जेट स्ट्रीम ने भागलपुर समेत पूरे बिहार के मौसम का मिजाज सर्द कर दिया है। इस पर हिमालय से आ रही सर्द पछुआ हवा ने ठंड से कंपा दिया है। बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि रविवार को जिले के कुछ स्थानों पर कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है, जबकि दिन के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। वहीं सोमवार से मौसम की सेहत में धीरे-धीरे सुधार होना शुरू हो जाएगा, हालांकि रात में कड़ाके की ठंड का पड़ना जारी रहेगा। जबकि दिन में धूप होगी तो छह से सात किमी प्रति घंटे की औसत रफ्तार से पछुआ बहेगी।

पूर्णिया में ठंड के हालात

शनिवार को पूर्णिया जिला के कुछ स्थानों में शीत दिवस दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 7 दिनों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा। मध्यम से घना स्तर का कोहरा छाए होने की संभावना है। अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 1 से 3°डिग्री सेल्सियस वृद्धि होने की संभावना है। इसके बाद गिरावट होने का पूर्वानुमान है।

भोजपुर जिले में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार आज रविवार को भोजपुर में न्यूनतम आठ डिग्री व अधिकतम 21 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना है। वहीं सोमवार को न्यूतनम सात व अधिकतम 19, मंगलवार को भी सोमवार की स्थिति रहने की संभावना है। वहीं बुधवार व गुरुवार को पारा कम हो सकता है। दोनों दिन न्यूनतम छह व अधिकतम 19 डिग्री और शुक्रवार को न्यूनतम आठ व अधिकतम 19 डिग्री रहने की संभावना है। कुहासे के कारण हवा की गुणवत्ता भी प्रभावित हो रही है।

गयाजी में सता रही ठंड

गयाजी जिले में करीब चार हफ्ते से ठंड सता रही है। कोहरा, सर्द पछुआ और कनकनी की कहर से जनजीवन बेहद प्रभावित है। कभी रात में ठंड बढ़ जा रही है तो कभी दिन में घट जा रही है। ठंड के साथ तापमान का घटना-बढ़ना जारी है। शनिवार को भी गया जी भीषण ठंड की चपेट में रहा।

मौसम विशेषज्ञ एस के पटेल ने बताया कि अगले 24 घंटे में मौसम के मिजाज में विशेष बदलाव का अनुमान नहीं है। रविवार को कोहरा का असर कम रहेगा। दिन में धूप निकलेगी। सर्द पछुआ के कारण रात में ठंड का असर बना रहेगा। न्यनूतम तापमान में विशेष परिवर्तन का अनुमान नहीं है। 4 से 6 डिग्री के बीच रह सकता है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।