अंधेरे में टावर पर चढ़कर रोने लगी लड़की, लोग समझे भूत आया; 8 घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा
मधुबनी जिले के हरलाखी स्थित एक गांव में लड़की के टावर पर चढ़ने से 8 घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चला। अंधेरे में टावर पर चढ़ी लड़की जब रोने लगी तो लोग भूत-प्रेत समझने लगे। सुबह जब लड़की को टावर पर देखा तो भारी भीड़ उमड़ी, जिससे लंबा जाम लग गया।

बिहार के मधुबनी जिले के हरलखी में शुक्रवार को एक लड़की के टावर पर चढ़ने की वजह से घंटों हाईवोल्टेज ड्रामा चला। तड़के 4 बजे अंधेरे में ही लड़की मोबाइल टावर पर चढ़ गई। जब वह ऊपर से रोने लगी तो लोग डरने लग गए। उन्हें लगा कि कोई भूत-प्रेत आ गया है। सुबह जब सूरज निकला और दिन खिलने लगा तो स्थानीय लोगों को टावर पर लड़की दिखाई दी। तब जाकर ग्रामीणों को वास्तविकता पता चली। लड़की टावर के बीच में खड़ी हुई थी।
यह वाकया उमगांव-बेनीपट्टी मुख्य सड़क किनारे हरलाखी थाना क्षेत्र के कौआहा गांव का है। टावर पर चढ़ी लड़की को देखकर लोग अपने मोबाइल पर वीडियो बनाने लगे। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने डायल 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचते ही लड़की और ऊपर चढ़कर टावर के शीर्ष हिस्से पर पहुंच गई। घंटों तक टावर पर चढ़ी लड़की का हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
इधर पुलिस लगातार लड़की को नीचे उतारने की कोशिश में लगी रही। लेकिन वह टावर से नीचे उतरने का नाम नहीं ले रही थी। टावर पर चढ़ी लड़की को देखने के लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। उमगांव-बेनीपट्टी मुख्य सड़क पर टावर के निकट एक किलोमीटर के दायरे में जाम लग गया। वाहनों में बैठे लोग भी लड़की का वीडियो बनाने लगे और सोशल मीडिया में पोस्ट करने की होड़ लग गई। सोशल मीडिया पर पोस्ट देखकर लोग काफी संख्या में टावर के पास पहुंचने लगे।
इसके बाद कई थाना की पुलिस और अग्निशमन टीम को मौके बुलाया गया। लड़की को रेस्क्यू करने की कोशिश शुरू की गई। उसे बचाने के लिए टावर के पास जाल और सीढ़ी आदि सामग्री बिछाने लगे। पुलिस कर्मी माइक से लगातार लड़की से नीचे उतरने की अपील कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने उससे कहा कि उसकी जो भी मांगे हैं, उसे पूरा किया जाएगा।
बहरहाल, पुलिस-प्रशासन के काफी मशक्कत के दोपहर करीब साढ़े 12 बजे लड़की खुद टावर से धीरे-धीरे नीचे उतरने लगी। वह घंटों से टावर पर धूप में खड़ी थी, इससे उसके पैर कांपने लगे। हालांकि, उसका सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। लड़की के नीचे उतरते ही लोगों का हुजूम उमड़ गया। भीड़ को नियंत्रित करते हुए हरलाखी एसएचओ रंजीत कुमार और बीडीओ रविशंकर पटेल लड़की को रेस्क्यू करते हुए गाड़ी में बैठाकर सीधे अस्पताल ले गए और उसे इलाज के लिए भर्ती करा दिया।
एसएचओ ने बताया कि लड़की अभी बेहोशी हालत में अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है। मामले की गंभीरता से जांच चल रही है। यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।
(हरलाखी से हिन्दुस्तान संवाददाता की रिपोर्ट)




साइन इन