सीएम नीतीश कुमार के जन्मदिन पर 51 लाख बच्चों को तोहफा, वाल्मीकिनगर एवं बगहा से शुरुआत
Nitish Kumar Birthday: 51 लाख बच्चों को दो सेट पोशाक दी जाएगी। यह पोशाक जीविका दीदियों द्वारा तैयार की जा रही है। यह जानकारी ग्रामीण विकास एवं परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने दी।

Nitish Kumar Birthday: बिहार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आज जन्मदिन है। पूरा बिहार उन्हें जन्मदिन की बधाई दे रहा है। इसके अवसर पर रविवार को राज्य भर के 51 लाख बच्चों को खास तोहफा दिया जाएगा। इसके तहत आंगनबाड़ी केन्द्रों में पढ़ने वाले बच्चों के बीच पोशाक का वितरण किया जायेगा। उन्हें दो सेट पोशाक दी जाएगी। यह पोशाक जीविका दीदियों द्वारा तैयार की जा रही है। यह जानकारी ग्रामीण विकास एवं परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने दी। नीतीश विचार मंच की ओर से कहा गया है कि नीतीश कुमार एक शख्स मात्र नहीं बल्कि एक दिशा हैं।
मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि पहले चरण में 51 लाख बच्चों को एक-एक सेट पोशाक मिलेगी। दूसरे चरण में शेष बच्चों को एक-एक सेट पोशाक दी जाएगी। बाद में पोषाक की दूसरी सेट भी दी जाएगी। ग्रामीण विकास मंत्री ने बताया कि विभाग द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के कर्म स्थल पश्चिम चम्पारण के वाल्मीकिनगर एवं बगहा में इसकी शुरुआत की जायेगी। इस संबंध में सभी जिला के डीपीएम व बीपीएम को सभी तैयारी के लिए निर्देश दिया गया है। सभी जिलों में डीएम को इसकी देखरेख करने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चे बिहार की पहली पाठशाला के विद्यार्थी हैं। उनके सपने भले ही छोटे हों लेकिन उनकी संभावनाएं असीम हैं। जीविका दीदियों के हाथों तैयार पोशाक केवल पहनावा नहीं, बल्कि बराबरी का अहसास, आत्मविश्वास और सम्मान का प्रतीक है। हर पोशाक में दीदियों की मेहनत के साथ ममत्व और संवेदना जुड़ी है।
इधर नीतीश विचार मंच की ओर से नीतीश कुमार एक शख्स नहीं बल्कि एक विचार के रूप में चित्रित किया गया है। इस अवसर पर राज्य की जनता को सात निश्चय पार्ट 3 को लेकर जानकारी दी गयी है। दोगुना रोजगार, दोगुनी आय योजना के तहत राज्य में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और महिलाओं को रोजगार देने पर सरकार काम कर रही है। 9 मई चीनी मिलों को चालू किया जाएगा और 25 नई मिलों की स्थापना होगी। किसानों के लिए कृषि रोडमैप, मखाना, डेयरी उत्पादों को प्रोत्साहन और बेहतर सिचाई का प्रबंध किया जाएगा। स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और कलाकारों के लिए फिल्म सिटी का निर्माण किया जाएगा।
सात निश्चय पार्ट 3 में सबको सम्मान जीवन आसान अभियान के तहत जनता से सीधे संवाद स्थापित करके उनकी समस्याओं का निपारा सरकार करेगी। सौर उर्जा से राज्य को उर्जान्वित करके बिजली बिल जीरो करने की योजना पर सरकार काम कर रही है।




साइन इन