ऑनलाइन ऑर्डर और नितिन नवीन के सुरक्षाकर्मी से हो गई ठगी, दिल्ली पुलिस ने पटना से ठग बाप-बेटे को पकड़ा
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी ने फरवरी में ऑनलाइन सामान मंगाया था। उस वक्त नितिन नवीन भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष थे। सामान खराब निकला था। लिहाजा सुरक्षाकर्मी ने सामान वापस करने के लिए गूगल पर कंपनी के कस्टमर का नंबर ढूंढ़कर फोन किया था।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सुरक्षाकर्मी से साइबर ठगी करने वाले पिता-पुत्र को शनिवार को पटना से गिरफ्तार कर लिया गया। एसटीएफ और दिल्ली पुलिस ने आरोपित मनेर के मोहरी बगीचा निवासी अरविंद भारती और उसके बेटे शनि कुमार को जक्कनपुर थाने के करबिगहिया इलाके से दबोच लिया। आरोपितों ने गूगल पर कस्टमर केयर का फर्जी नंबर डालकर एक लाख रुपये ठग लिये थे। दोनों ने अन्य राज्यों के लोगों से भी लाखों की ठगी कर रखी है।
आरोपितों को रविवार को दिल्ली के कोर्ट में प्रस्तुत करने के बाद जेल भेज दिया गया। दरअसल, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी ने फरवरी में ऑनलाइन सामान मंगाया था। उस वक्त नितिन नवीन भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष थे। सामान खराब निकला था। लिहाजा सुरक्षाकर्मी ने सामान वापस करने के लिए गूगल पर कंपनी के कस्टमर का नंबर ढूंढ़कर फोन किया था। उक्त नंबर साइबर ठगों का था। आरोपित अरविंद भारती और उसके बेटे शनि कुमार ने बहाने से सुरक्षाकर्मी से एक लाख रुपये अपने बैंक खाते में मंगा लिये थे।
दिल्ली में दर्ज कराई थी एफआईआर
ठगी का अहसास होने पर सुरक्षा कर्मी ने दिल्ली के साइबर पुलिस स्टेशन सेंट्रल में एफआईआर कराई थी। दिल्ली पुलिस ने तकनीकी जांच की तो पता चला कि साइबर ठगी करने वाले पटना के मनेर के रहने वाले हैं। जिसके बाद साइबर पुलिस स्टेशन सेंट्रल में तैनात सब इंस्पेक्टर कपिल और जांच अधिकारी मनोज समेत तीन सदस्यीय टीम 13 मई को मनेर पहुंची।
पुराने मोबाइल नंबर से पता चली दोनों की लोकेशन
छानबीन में पता चला कि आरोपित मनेर स्थित घर बेचकर कहीं और चले गए हैं। स्थानीय लोगों से आरोपितों का एक पुराना नंबर पुलिस को मिला। इसके बाद बिहार एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की टीम ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर अरविंद भारती और उसके बेटे शनि कुमार को जक्कनपुर थानाक्षेत्र स्थित करबिगहिया से गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली पुलिस दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई।




साइन इन