Fraud for wedding fraudulent marriage bureaus swindle lakhs rupees after bride groom meeting सात फेरों के नाम पर फरेब; लड़की से मिलाकर लाखों की ठगी, बिहार में फर्जी मैरिज ब्यूरो का जंजाल, Bihar Hindi News - Hindustan
More

सात फेरों के नाम पर फरेब; लड़की से मिलाकर लाखों की ठगी, बिहार में फर्जी मैरिज ब्यूरो का जंजाल

पटना, मुजफ्फरपुर, गया और पूर्णिया जैसे शहरों में भी कई फर्जी मैरिज ब्यूरो धड़ल्ले से चल रहे हैं। ये जालसाज लोगों को झूठे सपने दिखाते हैं और फिर धीरे-धीरे बड़ी रकम ऐंठकर फरार हो जाते हैं।

Fri, 12 Dec 2025 11:34 AMSudhir Kumar हिन्दुस्तान, भागलपुर, कार्यालय संवाददाता
share
सात फेरों के नाम पर फरेब; लड़की से मिलाकर लाखों की ठगी, बिहार में फर्जी मैरिज ब्यूरो का जंजाल

शादी का बंधन जीवन में सबसे पवित्र माना जाता है। इसमें विश्वास की डोर बहुत मजबूत होती है, लेकिन कुछ जालसाज इसे भी ठगी का जरिया बना रहे हैं। पिछले तीन महीनों के दौरान सिर्फ भागलपुर के 16 से अधिक लोग फर्जी मैरिज ब्यूरो के झांसे में आकर अपनी गाढ़ी कमाई गंवा चुके हैं। ठगी का यह गोरखधंधा अब सिर्फ महानगरों तक सीमित नहीं रहा। पटना, मुजफ्फरपुर, गया और पूर्णिया जैसे शहरों में भी कई फर्जी मैरिज ब्यूरो धड़ल्ले से चल रहे हैं। ये जालसाज लोगों के विश्वास का फायदा उठाकर उन्हें झूठे सपने दिखाते हैं और फिर धीरे-धीरे बड़ी रकम ऐंठकर फरार हो जाते हैं।

शगुन का ढाई लाख लेकर मैरिज ब्यूरो फरार

बिहार सरकार में प्रथम श्रेणी की सरकारी नौकरी से अवकाश प्राप्त तातारपुर निवासी एक व्यक्ति अपने बेटे के लिए एक अच्छी लड़की की तलाश कर रहे थे। उन्होंने पटना बोरिंग रोड स्थित एक कथित मैरिज ब्यूरो से संपर्क किया। ब्यूरो ने उन्हें एक सुंदर और संस्कारी लड़की की प्रोफाइल भेजी। परिवार ने जब रुचि दिखाई तो उन्हें पटना में लड़की से मिलवाया गया। ठगों ने उनसे तुरंत रिश्ता पक्का करने की बात कहकर शगुन के तौर पर ढाई लाख रुपये की मांग लड़की को शगुन का सामान खरीदने के लिए कर दी। पीड़ित ने पैसे दे दिए। इसके अगले दिन से ही ब्यूरो का दफ्तर बंद मिला।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:क्राइम का बिहार झारखंड कनेक्शन; कटिहार में रांची का 12 करोड़ का सोना बरामद

प्रोसेसिंग फी के नाम पर गंवाए 50 हजार

पूर्णिया के एक फर्जी मैरिज ब्यूरो ने नाथनगर के एक शिक्षक को अपना शिकार बनाया। ब्यूरो ने उन्हें एक सरकारी नौकरी वाले लड़के की प्रोफाइल दिखाई। पसंद आने पर शिक्षक ने रजिस्ट्रेशन के लिए 5100 सौ रुपये दिए। फिर मीटिंग फिक्स कराने के नाम पर 25 हजार रुपये और लिए गए। शिक्षक ने जब ब्यूरो के पते पर जाकर देखा, तो वहां दफ्तर बंद मिला।

क्या कहते हैं अधिकारी

साइबर ठग से बचने के लिए पुलिस की तरफ से लगातार अपील की जा रही है। शादी के नाम पर सोशल मीडिया पर ठगी का मामला साइबर थाना में आने के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। - शुभांक मिश्रा, नगर पुलिस उपाधीक्षक, भागलपुर

क्या करें और कैसे बचें

पुलिस की टीम लगातार आमलोगों से अपील करती है कि वे किसी भी मैरिज ब्यूरो से संपर्क करते समय पूरी सतर्कता बरतें। ब्यूरो का पता, लाइसेंस और पिछले रिकॉर्ड की अच्छी तरह जांच करें। प्रोसेसिंग फीस के लिए पक्की रसीद जरूर लें। अगर कोई ब्यूरो बहुत जल्दी रिश्ता फाइनल करने या शगुन के नाम पर बड़ी नकद रकम मांगता है, तो सावधान हो जाएं। लड़के या लड़की के परिवार से सीधा संपर्क स्थापित करने की कोशिश करें, न कि सिर्फ ब्यूरो पर निर्भर रहें।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।