falgu water will flow into Jalwar River to save south bihar from dryness दक्षिण बिहार को सूखे से बचाने का प्लान तैयार, फल्गु का पानी जलवार नदी में जाएगा, Bihar Hindi News - Hindustan
More

दक्षिण बिहार को सूखे से बचाने का प्लान तैयार, फल्गु का पानी जलवार नदी में जाएगा

इस समय फल्गु नदी हर साल भारी बाढ़ ला रही है। इसका पानी न केवल बड़े इलाके में फैल रहा है, बल्कि भारी तबाही भी मचा रहा है। बड़ी संख्या में तटबंध टूट रहे हैं और खेतों में लगी फसल भी बर्बाद हो जाती है। इस साल नदी में रिकॉर्ड पानी आया।

Sun, 21 Dec 2025 07:21 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share
दक्षिण बिहार को सूखे से बचाने का प्लान तैयार, फल्गु का पानी जलवार नदी में जाएगा

फल्गु नदी का पानी जलवार नदी में जाएगा। इसके लिए फल्गु और जलवार नदी जुड़ेंगी। दक्षिण बिहार के बड़े हिस्से को सूखे से बचाने और किसानों को सिंचाई के लिए अतिरिक्त पानी की उपलब्धता के लिए इन्हें जोड़ने का निर्णय लिया गया है।

जल संसाधन विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इस योजना का प्रारंभिक चरण पूरी तरह सफल रहा है। हालांकि इन नदियों को जोड़ने के लिए कोई अतिरिक्त बड़ा निर्माण कार्य नहीं होगा, बल्कि महमूदा मुख्य नहर के जरिए फल्गु का पानी जलवार नदी तक पहुंचाया जाएगा। इस नहर से जलवार नदी में फल्गु नदी से 325 क्यूसेक पानी भेजा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पानी की भी आपूर्ति की जा सकती है। अभी जलवार नदी में कम पानी रहता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में ठंड और कोहरे का अटैक, इन जिलों में शीत दिवस जैसे हालात; कब मिलेगी राहत

अतिरिक्त पानी आने से नालंदा, जहानाबाद और गयाजी के बड़े हिस्से के किसानों को सिंचाई का पानी मिलेगा। ये हिस्सा फिलहाल सिंचाई की समस्या से जूझ रहे हैं। यही नहीं, ये वैसे इलाके हैं, जहां बारिश भी कम होती है। ऐसे में इस योजना से इन क्षेत्रों को बड़ी राहत मिलेगी।

फल्गु में ज्यादा पानी से आ रही बाढ़

इस समय फल्गु नदी हर साल भारी बाढ़ ला रही है। इसका पानी न केवल बड़े इलाके में फैल रहा है, बल्कि भारी तबाही भी मचा रहा है। बड़ी संख्या में तटबंध टूट रहे हैं और खेतों में लगी फसल भी बर्बाद हो जाती है। इस साल नदी में रिकॉर्ड पानी आया। झारखंड में अत्यधिक बारिश होने पर फल्गु में पानी आता है। उधर, जलवार नदी का बड़ा हिस्सा सूखा रहता है। इससे नदी क्षेत्र में पड़ने वाले खेतों को सिंचाई की समस्या होती है। ऐसे में फल्गु नदी का पानी जलवार में भेजे जाने से दोनों समस्याएं एक साथ दूर हो जाएंगी।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।