वर्दी वाले ने ज्वेलर्स को लगा दिया चूना, चेकिंग के बहाने गोल्ड की 3 अंगूठियां ले उड़ी फर्जी पुलिस
छपरा के गड़खा में एक स्वर्ण व्यवसायी से वर्दी पहन कर आए फर्जी पुलिस वाले ने ठगी कर दी। झांसा देकर आरोपी ने उनकी सोने की 3 अंगुठियां उड़ा लीं। जब तक ज्वेलर्स को ठगी का अहसास हुआ, तब तक ठग वहां से रफूचक्कर हो गए।

बिहार के सारण (छपरा) जिले से फर्जी पुलिस बनकर ठगी करने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। वर्दी पहनकर आए बदमाश ने एक ज्वेलर्स को बीच सड़क चुना लगा दिया और उनकी सोने की 3 अंगूठियां ले उड़े। बीबीपुर गांव निवासी सुरेश्वर प्रसाद ठगी का शिकार हुए हैं। वह स्वर्ण व्यवसायी (ज्वेलर्स) हैं और कोल्ड स्टोरेज के भी मालिक हैं। ठगी के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पीड़ित व्यवसायी ने पुलिस को शिकायत दी है।
पीड़ित सुरेश्वर प्रसाद ने बताया कि वे बुधवार को छपरा स्थित अपने भाई के घर श्राद्ध कर्म में शामिल होने गए थे। शाम में करीब 3 बजे बाद वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गड़खा रेलवे ढाला पार कर आगे बढ़े, पीछे से एक युवक ने चाचा-चाचा कह कर उन्हें आवाज दी। आवाज सुनकर उन्होंने गाड़ी रोक दी।
युवक ने उन्हें बताया कि आगे एक व्यक्ति उन्हें बुला रहा है। तभी पुलिस की वर्दी पहने एक शख्स वहां पहुंचा और स्वर्ण व्यवसायी की गाड़ी के कागजात की जांच करने लगा। कागजात देखने के बाद उसने कहा कि इलाके में हाल ही में अपराध की बड़ी वारदात हुई है। इसलिए सोने के इतने गहने पहनकर चलना सुरक्षित नहीं है। उसने सुरेश्वर से हाथों में पहनीं अंगूठियां उतारने की सलाह दी।
इसी दौरान एक अन्य युवक भी मोटरसाइकिल से वहां आ गया, जिससे पूरा माहौल विश्वसनीय लगने लगा। ठगों की बातों में आकर सुरेश्वर प्रसाद ने अपने हाथों से तीनों सोने की अंगूठियां उतार दीं और अपने पास रखने लगे।
रूमाल में अंगुठियों की जगह निकले कंकड़-पत्थर, व्यवसायी के उड़े होश
फिर फर्जी पुलिस वाले ने उनसे कहा कि ऐसे रखने से ये अंगूठियां गिर सकती हैं, इसलिए वह उन्हें कागज में लपेटकर रूमाल में सुरक्षित बांध देता है। इसके बाद ठग ने अंगूठियां बांधकर रूमाल व्यवसायी को वापस कर दिया और सभी लोग वहां से चले गए।
कुछ दूरी तय करने के बाद जब सुरेश्वर प्रसाद ने वो रूमाल खोला तो उनके होश उड़ गए। उसमें सोने की अंगूठियों की जगह छोटे ढेला (कंकड़) रखे हुए थे। तब उन्हें एहसास हुआ कि वे ठगी का शिकार हो चुके हैं।
इसके बाद वारदात की सूचना गड़खा पुलिस को दी गई। थाना अध्यक्ष शशिरंजन कुमार ने बताया कि यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र की है, इसलिए पीड़ित को वहां आवेदन देने की सलाह दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ठगों की पहचान के प्रयास जारी हैं।
ॉ




साइन इन