पढ़ाई के दौरान शादी की तो छात्रा का नामांकन तुरंत रद्द होगा, जीएनएम स्कूल का आदेश वायरल
गोपालगंज के हथुआ जीएनएम स्कूल का एक आदेश चर्चा का विषय बन गया है। स्कूल की प्राचार्या ने आदेश जारी किया है कि अगर किसी छात्रा ने पढ़ाई के दौरान शादी की तो उसका नामांकन तुरंत रद्द कर दिया जाएगा।

बिहार के गोपालगंज जिले के हथुआ अनुमंडल अस्पताल परिसर स्थित जीएनएम स्कूल का एक आदेश वायरल हो रहा है। स्कूल में पढ़ाई कर रहीं छात्राओं के लिए स्कूल प्रशासन की ओर से यह आदेश जारी किया गया है। इसमें प्रशिक्षण अवधि के दौरान छात्राओं के शादी करने पर रोक लगा दी गई है। 16 अप्रैल को स्कूल की प्राचार्या के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश में कहा गया है कि यदि कोई छात्रा पढ़ाई के दौरान शादी करती है तो उसका नामांकन तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया जाएगा। जिला प्रशासन ने स्कूल का ऑर्डर वायरल होने के बाद उसके जांच के आदेश भी दे दिए हैं।
जीएनएम स्कूल की दीवारों प इस आदेश की प्रति भी चस्पा कर दी गई हैं। स्कूल प्रशासन का कहना है कि नर्सिंग की पढ़ाई हॉस्टल आधारित होती है और छात्राएं परिसर में रहकर प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं। ऐसे में प्रशिक्षण अवधि के दौरान शादी करने से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो सकती है। इस आदेश पर हंगामा होने पर स्कूल प्रशासन का कहना है कि यह नियम पहले से है, जिसे सख्ती से पालन कराने के आदेश दिए गए हैं। इसमें कोई नई बात नहीं है।
सोशल मीडिया पर आदेश वायरल :
जीएनएम स्कूल का यह आदेश सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चर्चा का विषय बना हुआ है। कई लोग इसे महिलाओं के व्यक्तिगत अधिकारों से जोड़कर सवाल उठा रहे हैं। मीरगंज नगर के सरोज कुमार रिंकू का कहना है कि किसी छात्रा के शादी करने के अधिकार पर रोक लगाना महिलाओं के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है।
प्राचार्या की सफाई
उधर, प्राचार्या मानसी सिंह ने कहा कि यह कोई नया नियम नहीं है। नामांकन के समय ही छात्राओं से एक घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर कराया जाता है, जिसमें यह शर्त होती है कि वह तीन वर्षों की पढ़ाई के दौरान शादी नहीं करेंगी।
हरकत में आया प्रशासन, डीएम ने दिए जांच के आदेश
हथुआ जीएनएम नर्सिंग स्कूल में पढ़ाई के दौरान शादी करने पर रोक का नोटिस वायरल होने के बाद जिला प्रशासन भी हरकत में आ गया है। शादी करने वाली छात्राओं का नामांकन रद्द करने की चेतावनी का मामला सामने आते ही गोपालगंज के जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने 24 घंटे के भीतर जांच रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट के आधार पर अगला कदम उठाया जाएगा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे स्कूल के नोटिस पर सियासी बवाल मचा हुआ है।
(हथुआ से हिन्दुस्तान संवाददाता की रिपोर्ट)




साइन इन