ECI clarifies BJP woman leader voter list revision Darbhanga viral video भाजपा की जिलाध्यक्ष कर रहीं वोटर लिस्ट रिवीजन? वायरल वीडियो पर चुनाव आयोग की सफाई, Bihar Hindi News - Hindustan
More

भाजपा की जिलाध्यक्ष कर रहीं वोटर लिस्ट रिवीजन? वायरल वीडियो पर चुनाव आयोग की सफाई

दरभंगा में महिला भाजपा जिलाध्यक्ष कविता कुमारी पर बीएलओ के साथ बैठकर वोटर लिस्ट रिवीजन के काम को प्रभावित करने के आरोप लगाते हुए एक वीडियो वायरल हो रहा है। चुनाव आयोग ने इसकी जांच करने के बाद आरोपों का खंडन किया है।  

Wed, 16 July 2025 05:42 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना/दरभंगा
share
भाजपा की जिलाध्यक्ष कर रहीं वोटर लिस्ट रिवीजन? वायरल वीडियो पर चुनाव आयोग की सफाई

बिहार में चुनाव आयोग के वोटर लिस्ट रिवीजन पर सियासी हंगामा मचा हुआ है। इस बीच दरभंगा का एक वीडियो वायरल हो गया है। इसमें दावा किया जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी की महिला जिलाध्यक्ष बीएलओ के साथ बैठकर मतदाता गहन पुनरीक्षण का काम कर रही हैं। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने यह वीडियो शेयर कर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने भी आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इसे शेयर किया है। अब चुनाव आयोग ने इस वीडियो पर सफाई दी है। आयोग ने सभी आरोपों का खंडन किया है।

चुनाव आयोग ने बुधवार को कहा कि वीडियो वायरल होने के बाद दरभंगा के जिला प्रशासन ने इसकी जांच की है। इसमें सामने आया है कि वीडियो में जो महिला दिख रही हैं, उनका नाम कविता कुमारी उर्फ सपना भारती है। वह जोरावन सिंह (उत्तरी भाग) स्थित मतदान केंद्र संख्या 156 की रजिस्टर्ड वोटर हैं। वह भाजपा की जिलाध्यक्ष भी हैं।

बीएलओ सुधा कुमारी ने बताया कि कविता अपने और अपने परिवार का गणना फॉर्म और जरूरी दस्तावेज लेकर आई थीं। वह केंद्र पर ही बैठकर उन्हें भर रही थीं। तभी डॉ. जमाल हसन नाम के राजनीतिक कार्यकर्ता डॉ. जमाल हसन ने मतदान केंद्र का वीडियो बना लिया। वीडियो में वह कविता कुमार को देखकर आरोप लगाने लगे कि महिला भाजपा की जिलाध्यक्ष हैं और उनके द्वारा मतदाता पुनरीक्षण के काम को प्रभावित किया जा रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मतदाता पुनरीक्षण में लापरवाही, 60 बीएलओ का वेतन रूका; बिना भरे ही सब्मिट दिख रहा

आयोग ने कहा कि जिला प्रशासन की जांच रिपोर्ट से पता चला कि यह वीडियो मंगलवार 15 जुलाई का है। भाजपा जिलाध्यक्ष कविता कुमारी और वीडियो बनाने वाले डॉ. जमाल हसन के बीच राजनीतिक मनमुटाव भी रहा है। इसी के चलते यह वीडियो बनाकर वायरल किया गया। बीएलओ ने हसन के आरोपों का खंडन करते हुए वोटर लिस्ट रिवीजन में किसी भी तरह की लापरवाही बरतने से इनकार किया है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।