Dense fog in Bihar brings life to standstill trains delayed flights cancelled 7 people die in 24 hours बिहार में घने कोहरे ने रोकी जिंदगी की रफ्तार; ट्रेनें लेट, फ्लाइट रद्द, 24 घंटे में 7 की मौत, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार में घने कोहरे ने रोकी जिंदगी की रफ्तार; ट्रेनें लेट, फ्लाइट रद्द, 24 घंटे में 7 की मौत

मौसम विभाग ने शुक्रवार को बिहार के 25 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया। बीते 24 घंटे के भीतर कोहरे की वजह से हुए हादसों में राज्य में अलग-अलग जगहों पर 7 लोगों की मौत हो गई। बिहार की कई ट्रेनें लेट  हो गईं और फ्लाइट रद्द कर दी गईं।

Fri, 19 Dec 2025 07:46 AMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान टीम, पटना/मुजफ्फरपुर
share
बिहार में घने कोहरे ने रोकी जिंदगी की रफ्तार; ट्रेनें लेट, फ्लाइट रद्द, 24 घंटे में 7 की मौत

बिहार में घने कोहरे की वजह से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। ट्रेनें और फ्लाइट सेवा चरमरा गई है। बीते 24 घंटे के भीतर कोहरे की वजह से राज्य के 5 जिलों में हुए सड़क हादसों में 7 लोगों की जान चली गई और 10 घायल हो गए। मरने वालों में दरभंगा के तीन, भोजपुर, गोपालगंज, सुपौल और कटिहार जिले के एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी 25 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया। पटना समेत अन्य कई शहरों में आज भी सुबह के समय दृश्यता बहुत कम नजर आई।

बिहार में कोहरे की वजह से गुरुवार को 16 फ्लाइट रद्द करनी पड़ीं। सर्वाधिक पटना एयरपोर्ट से 10 विमान रद्दे रहे। वहीं, तेजस राजधानी समेत कई ट्रेनें 7 घंटे तक की देरी से आईं और गईं। मुजफ्फरपुर में भी गुरुवार को एक वंदे भारत समेत 22 मेल एवं पैसेंजर ट्रेनें लेट हुईं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अब दिन में भी रात जैसी ठंड, पटना 6 डिग्री गिरा पारा; कैसा रहेगा बिहार का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को भी घने कोहरे से राहत के आसार नहीं है। कोहरे के कारण पटना सहित राज्य के कई जिलों में शीतलहर जैसे हालात बने हैं। ज्यादातर शहरों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। 20 से 21 दिसंबर तक राज्य के पश्चिमी और मध्य भाग में अधिकांश स्थानों पर घना से अति घना कोहरा रहने की आशंका है। पूर्वी भाग में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

ठंड और कोहरे में रखें ध्यान, आपदा प्रबंधन विभाग ने दी ये सलाह-

  • गर्म कपड़े, दस्ताने, चश्मा और हेलमेट पहनकर ही बाहर निकलें।
  • ज्यादा सुबह मॉर्निंग वॉक से बचें। धूप निकलने पर ही निकलें।
  • अस्पतालों में दवा के पर्याप्त इंतजाम रखें। सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाएं।
  • घना कोहरा होने पर वाहन से आने-जाने से बचें। फॉग लाइट जलाकर चलें।
  • घरों में अंगीठी, हीटर का उपयोग करते समय कमरे को पूरी तरह बंद नहीं करें।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।