Darbhanga rape and murder case Sanjay Saraogi talk to samrat choudhary आगजनी, पत्थरबाजी और हिंसा; बच्ची से दरिंदगी पर उबला दरभंगा; सम्राट चौधरी से क्या बोले संजय सरावगी, Bihar Hindi News - Hindustan
More

आगजनी, पत्थरबाजी और हिंसा; बच्ची से दरिंदगी पर उबला दरभंगा; सम्राट चौधरी से क्या बोले संजय सरावगी

घटना के समय तीन बच्चियां तालाब किनारे खेल रही थीं। इसी दौरान आरोपित ने तीनों को पकड़ने की कोशिश की। एक बच्ची उसके हाथ लग गई, जबकि दो अन्य बच्चियां वहां से भाग निकलीं। आरोपित बच्ची को अंधेरे की ओर ले गया और जहां उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी।

Mon, 9 Feb 2026 07:37 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान, संवाद सूत्र, दरभंगा
share
आगजनी, पत्थरबाजी और हिंसा; बच्ची से दरिंदगी पर उबला दरभंगा; सम्राट चौधरी से क्या बोले संजय सरावगी

बिहार के दरभंगा जिले में विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कादिराबाद पटवा पोखर के पास छह वर्षीया बच्ची से रेप के बाद उसकी हत्या करने की अमानवीय घटना के विरोध में लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। लोगों ने जगह-जगह सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। वे आरोपित को सौंपने की मांग कर रहे थे। शनिवार की रात घटना के बाद रविवार की सुबह होते-होते घटना की जानकारी पूरे इलाके में फैल गई। सैकड़ों की संख्या में आसपास के लोग जुटने लगे। आरोपित के ऑटो को क्षतिग्रस्त कर उसके पिता की कटघरा दुकान में आग लगा दी गयी।

इसके बाद कादिराबाद चौक पर आगजनी कर सड़क जाम कर दी गई। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चों की भीड़ घटनास्थल से एक किमी दूर बेला दुर्गा मंदिर के पास जमा हो गई। उन्होंने सड़क पर बांस-बल्ला लगा व आगजनी कर यातायात अवरुद्ध कर दिया। आक्रोशित लोग पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में सुबह - शाम ठंड से सामना, कोहरे का भी कहर; जानिए मौसम का हाल

मामले की जानकारी पर ट्रैफिक डीएसपी प्रकाश कुमार समेत आधा दर्जन थानों की पुलिस व दंगा नियंत्रण बल के दर्जनों जवान वहां पहुंचे। दो घंटे तक पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास करती रही, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे। इस दौरान कई बार स्थानीय लोगों एवं पुलिस में हल्की नोकझोंक भी हुई। इसी बीच बेला दुर्गा मंदिर से सैकड़ों की संख्या में भीड़ विश्वविद्यालय थाने को घेरने के लिए लाठी-डंडे के साथ रवाना हुई।

पुलिस उन्हें रोकने का प्रयास करती रही, लेकिन वे लोग आगे बढ़ते रहे। भीड़ ने सड़क किनारे खड़ी एक बस सहित कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की। बाघ मोड़ पहुंचते-पहुंचते भीड़ ने हिंसक रूप धारण कर लिया। सदर एसडीम व एसडीपीओ के समझाने के क्रम में भीड़ ने धक्कामुक्की करते हुए रोड़ेबाजी शुरू कर दी। इसमें कई पुलिस कर्मी चोटिल हो गए। बाघ मोड़ के पास उपद्रवियों ने आगजनी करते हुए कुछ दुकानों में तोड़फोड़ की।

दो बच्चियां मौके से भागने में कामयाब

बताया जा रहा है कि घटना के समय तीन बच्चियां तालाब किनारे खेल रही थीं। इसी दौरान आरोपित ने तीनों को पकड़ने की कोशिश की। एक बच्ची उसके हाथ लग गई, जबकि दो अन्य बच्चियां वहां से भाग निकलीं। आरोपित बच्ची को अंधेरे की ओर ले गया और जहां उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शहर में आक्रोश भड़क गया। स्थिति को काबू में करने के बाद पुलिस पूरे इलाके में कैंप कर रही है। विश्वविद्यालय थाने पर मौजूद डीएम व एसएसपी पूरी घटना पर नजर बनाए हुए थे।

सीपीआई (एम) ने की घटना की कड़ी निंदा

सीपीआई(एम) राज्य सचिव मंडल सदस्य श्याम भारती ने बच्ची से दुष्कर्म के बाद की गई हत्या की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की। कहा कि इस सरकार में मासूम बच्चियां भी सुरक्षित नहीं हैं। पूरे राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। अपराधी बेखौफ हैं और प्रशासन अपराध रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। सीपीआई (एम) पीड़ित परिवार को न्याय, उचित मुआवजा, फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से त्वरित सजा तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग करती है।

मिथिला मुक्ति मोर्चा के संस्थापक ने की निंदा

मिथिला मुक्ति मोर्चा के संस्थापक सह लोकतांत्रिक संघर्ष मोर्चा के सह संयोजक श्याम कुमार सिंह ने कहा कि इस घटना ने पूरे समाज की आत्मा को झकझोरकर रख दिया है। उन्होंने कहा कि रात 3:50 बजे आरोपित को हिरासत में लेना सराहनीय है, लेकिन अब उदाहरणात्मक सजा की जरूरत है।

सम्राट चौधरी और संजय सरावगी के बीच हुई बात

दरभंगा शहर में मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म व हत्या की लोमहर्षक घटना को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह नगर विधायक संजय सरावगी ने रविवार को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी से बात की।

नगर विधायक ने उनसे अनुरोध किया कि इस मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर अभियुक्त को शीघ्र से शीघ्र सजा दी जाए। श्री सरावगी ने इस मामले में दरभंगा के एसएसपी से भी बात कर पूरे मामले की जानकाली ली तथा इस दिशा में शीघ्रता से कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की बात कही। इस नृशंस घटना पर नगर विधायक ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि दोषी को किसी भी हाल में नहीं बख्शा जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पटना में सगुना मोड, हड़ताली मोड़ और बेली रोड जाने का रूट बदला, किधर से जाएं
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।