court has issued arrest warrants against gopalganj jdu mla pappu pandey and his brother satish pandey जदयू विधायक पप्पू पांडेय के घर पुलिस रेड, विधायक फरार; एसपी ने संभाली कमान, Bihar Hindi News - Hindustan
More

जदयू विधायक पप्पू पांडेय के घर पुलिस रेड, विधायक फरार; एसपी ने संभाली कमान

जमीन कब्जाने और फायरिंग के मामले में गोपालगंज के जेडीयू विधायक पप्पू पांडेय और उनके भाई के खिलाफ कोर्ट ने वारंट जारी किया है। एसपी विनय तिवारी के नेतृत्व में 5 थानों की पुलिस ने विधायक के गांव में छापेमारी की, लेकिन आरोपी फरार मिले। पुलिस अब गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

Mon, 13 April 2026 10:11 AMJayendra Pandey लाइव हिन्दुस्तान, गोपालगंज
share
जदयू विधायक पप्पू पांडेय के घर पुलिस रेड, विधायक फरार; एसपी ने संभाली कमान

Bihar News: बिहार की सियासत से जुड़ी बड़ी खबर गोपालगंज जिले से है। कुचायकोट विधानसभा क्षेत्र से जेडीयू विधायक पप्पू पांडेय, उनके भाई सतीश पांडेय और करीबी राहुल तिवारी के खिलाफ कोर्ट ने गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया है। वारंट जारी होते ही गोपालगंज एसपी विनय तिवारी एक्शन मोड में आ गए और सोमवार सुबह करीब 5 थानों की पुलिस के साथ विधायक के पैतृक गांव तुलसिया में छापेमारी शुरू कर दी।

क्या है पूरा मामला?

यह पूरी कार्रवाई जमीन कब्जाने और जानलेवा हमले से जुड़ी है। मामला 1 अप्रैल का है, जब मीरगंज के रहने वाले जितेंद्र कुमार राय ने कुचायकोट थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। आरोप है कि बेलवा गांव में स्थित करीब 17 एकड़ जमीन पर विधायक के गुर्गों ने हमला बोला। वहाँ बने 5 कमरों के ताले तोड़ दिए गए और अपना ताला लगा दिया गया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की गई। पुलिस का मानना है कि इस पूरे अपराध की साजिश विधायक पप्पू पांडेय और उनके भाई सतीश पांडेय ने रची थी।

फरार हुए विधायक, पुलिस ने तेज की तलाश

पुलिस की इस अचानक रेड की खबर मिलते ही विधायक और उनके भाई घर से फरार हो गए हैं। एसपी विनय तिवारी ने साफ लहजे में कहा है कि अपराधियों का मनोबल बढ़ाने वाले और भू-माफियाओं को संरक्षण देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। विधायक की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें बनाई गई हैं जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

जदयू विधायक पप्पू पांडेय के हथिआ स्थित पेट्रोल पम्प पर भी पुलिस ने छापेमारी की है।

करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं पप्पू पांडेय

बाहुबली विधायक पप्पू पांडेय की गिनती बिहार के अमीर विधायकों में होती है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, उनके पास करीब 5.69 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति है। विधायक और उनकी पत्नी रंजू पांडेय के पास फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो जैसी 6 लग्जरी गाड़ियां हैं। इतना ही नहीं, विधायक के पास एक करोड़ की कमर्शियल प्रॉपर्टी और जिले में 23 अलग-अलग जगहों पर जमीनें भी हैं। उनकी पत्नी के नाम पर राइफल और लाखों के सोने के गहने भी हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में तेज रफ्तार पुलिस की गाड़ी ने बच्ची को उड़ाया, मौत के बाद बवाल
ये भी पढ़ें:बिहार में बच्चा तस्करी रैकेट फेल, ट्रेन से महाराष्ट्र भेजे जा रहे थे 163 बच्चें
ये भी पढ़ें:14 अप्रैल को नए सीएम का ऐलान और 15 को शपथ, बिहार में नई सरकार पर लेटेस्ट अपडेट
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।