बाल मुंडवाए, चेहरे पर कालिख पोत घुमाया; पंचायत के फरमान पर बिहार में प्रेमी जोड़े से हैवानियत
बताया जाता है कि आपत्तिजनक हालात में पकड़े गए एक जोड़े पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और आनन-फानन में पंचायत बैठाकर फैसला सुना दिया गया। बुधवार की सुबह प्रेमी जोड़े के सिर के बाल मुंडवाए गए और हाथ में रस्सी बांधकर पूरे गांव में घुमाया गया।

बिहार के कटिहार में एक प्रेमी जोड़े को तालिबानी सजा दी गई। पंचायत के फरमान के बाद प्रेमी जोड़े से हैवानियत की गई है। यहां फलका प्रखंड के एक गांव में एक पंचायत के जरिए सुनाया गया तालिबानी फरमान पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। मानवता को शर्मशार कर देने वाली घटना बुधवार की सुबह की है। जहां एक प्रेमी जोड़े को रंगे हाथों पकड़ जाने के बाद बिजली के खंभे में रस्सी में बांधकर जमकर धुनाई की गई। बाद में रस्सी से बांध कर पूरे गांव में घुमाया गया। इतना ही नहीं गांव में घुमाने से पहले युवक के बाल भी मुंडवाये गए। चेहरे पर कालिख ,चूना पोत कर और युगल जोड़ी के गले में जूते- चप्पल का हार पहनाकर पूरा गांव घुमाया गया है।
घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को मिलते ही फलका पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त गांव पहुंच कर युगल जोड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है। मौके पर पुलिस के पहुंचते ही गांव के फागु मुर्मू सहित पंचायत में शामिल लोग फरार बताए जा रहे है। पुलिस दोषी की गिरफ्तारी के लिए जगह -जगह छापेमारी कर रही है। इस मामले में फलका पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई में जुट गई है। यह घटना फलका थाना क्षेत्र के रहटा पंचायत के एक आदिवासी गांव का है।
बताया जाता है कि मंगलवार की रात आपत्तिजनक हालात में पकड़े गए एक जोड़े पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और आनन-फानन में पंचायत बैठाकर फैसला सुना दिया गया। बुधवार की सुबह प्रेमी जोड़े के सिर के बाल मुंडवाए गए और हाथ में रस्सी बांधकर पूरे गांव में घुमाया गया। बताया जाता है कि पीड़ित महिला पहले से शादी शुदा व दो बच्चे की मां है। वहीं प्रेमी भी दो बच्चे के पिता है। पीड़ित महिला के पति मजदूरी करने पंजाब गया हुआ है। पिटाई के बाद पकड़ाए जोड़ी की हालत खराब बताई जा रही है। जिनका इलाज फलका पुलिस द्वारा स्थानीय अस्पताल में कराया जा रहा है।
मामले में थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि जैसे ही सूचना मिली त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित जोड़ी को ग्रामीणों के बीच से मुक्त करा लिया गया। स्थानीय अस्पताल में दोनों का इलाज कराया जा रहा है। विधिसम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। एसपीस शिखर चौधरी ने कहा कि फलका में अवैध प्रेम प्रसंग में मारपीट की सूचना मिली है। सूचना पर पुलिस ने लड़का और लड़की को थाना लाया है। अभी तक किसी भी पक्ष से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। इस घटना में संलिप्त आरोपी की पहचान करके पुलिस द्वारा कई लोगों पर केस दर्ज किया जा रहा है।




साइन इन