बिहार चुनाव में महागठबंधन का कैंपेन लीड करेगी कांग्रेस, तेजस्वी यादव को साफ संदेश?
कांग्रेस ने तेजस्वी यादव की आरजेडी को साफ संदेश देते हुए कहा कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस कैंपेन को लीड करेगी। कांग्रेस के मुद्दों को महागठबंधन के घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में महागठबंधन के प्रचार को कांग्रेस लीड करेगी। पार्टी अपने मुद्दों को महागठबंधन के चुनावी घोषणा पत्र में भी शामिल कराएगी। कांग्रेस महासचिव नासिर हुसैन ने गुरुवार को यह बात कही है। राजनीतिक गलियारों में कांग्रेस के इस बयान पर चर्चा शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि कांग्रेस ने तेजस्वी यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) को साफ संदेश दे दिया है कि बार गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका में कौन रहेगा। तेजस्वी को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करने के सवाल को भी कांग्रेस के आला नेता अब तक टालते रहे हैं।
कांग्रेस महासचिव नासिर हुसैन ने पटना स्थित पार्टी प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम में गुरुवार को प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने मुद्दों को मैनिफेस्टो में शामिल कराएगी और सत्ता में आने पर अपने वादों को पूरा भी करेगी। उन्होंने नासिर हुसैन ने अति पिछड़ा वर्ग के आरक्षण को बढ़ाने के कांग्रेस के संकल्प को दुहराया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने कांग्रेस शासित राज्यों कर्नाटक और तेलंगाना में इसे लागू करवाया है। बिहार में भी इसे लागू करवाया जाएगा।
बिहार में अगले महीने में विधानसभा चुनाव की घोषणा संभव है। इससे पहले महागठबंधन में सीट शेयरिंग और सीएम फेस पर पेच फंसता हुआ नजर आ रहा है। कांग्रेस ने 76 सीटों की लिस्ट तेजस्वी यादव को सौंपी है। पार्टी ने यह तक कह दिया कि अगर सीट शेयरिंग में देरी हुई तो पार्टी 30 सीटों पर अपने कैंडिडेट को प्रचार की हरी झंडी दे देगी।
तेजस्वी के सीएम फेस पर कांग्रेस का सस्पेंस
आरजेडी और वीआईपी जहां तेजस्वी यादव को आगामी बिहार चुनाव में महागठबंधन के सीएम फेस के रूप में प्रोजेक्ट कर रही हैं। वहीं, कांग्रेस इस पर चुप्पी साधे हुए हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से लेकर बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु तक, सभी शीर्ष नेता तेजस्वी को सीएम फेस घोषित करने के सवाल को टालते आ रहे हैं। अल्लावरु ने बुधवार को पटना में कहा था कि अभी मुख्यमंत्री का चेहरा उनका मुद्दा नहीं है, बल्कि वोटों की चोरी कैसे रोकनी है यह मुद्दा है।




साइन इन