महागठबंधन में नहीं हुआ सीट बंटवारा, कांग्रेस में 40 प्रत्याशियों के नाम लगभग तय; नए चेहरों को उतराने की तैयारी
पार्टी इस बार ज्यादातर नए चेहरों को भी मैदान में उतारने के पक्ष में है। कुछ मौजूदा विधायकों को अन्य विधानसभा सीटों पर उतारा जा सकता है। जिन विधायकों के खिलाफ उनके क्षेत्र में नाराजगी है, उन सीटों पर भी प्रत्याशियों के नाम पर विचार किया गया है।
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अपने कोटे की सीटों पर प्रत्याशियों के नाम को अंतिम रूप देने में जुटी है। इसी कड़ी में रविवार को नई दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय में स्क्रीनिंग कमेटी की चौथी बैठक हुई। इसमें 40 सीटों पर प्रत्याशी तय करने के करीब पार्टी पहुंच गई है। करीब सात घंटे तक चली मैराथन बैठक की अध्यक्षता कमेटी चेयरमैन अजय माकन ने की।
बैठक में सांसद इमरान प्रतापगढ़ी, प्रभारी सचिव सुशील पासी के अलावा प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, शकील अहमद खान और मदन मोहन झा और कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे। बैठक में सीटवार विस्तार से चर्चा हुई। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि मौजूदा 19 विधायकों सहित पार्टी करीब 40 सीट पर उम्मीदवार तय करने के नजदीक पहुंच गई है।
पार्टी इस बार ज्यादातर नए चेहरों को भी मैदान में उतारने के पक्ष में है। कुछ मौजूदा विधायकों को अन्य विधानसभा सीटों पर उतारा जा सकता है। जिन विधायकों के खिलाफ उनके क्षेत्र में नाराजगी है, उन सीटों पर भी प्रत्याशियों के नाम पर विचार किया गया है। कांग्रेस भी कई नई सीटों पर दावा कर रही है। इन सीटों पर समीकरण के हिसाब से मजबूत उम्मीदवारों के नाम छांटे गए।
महागठबंधन के दलों के बीच सीटों को लेकर अंतिम फैसला नहीं हुआ है, ऐसे में कांग्रेस अपने कोटे की 70 सीट के अलावा कुछ और सीट पर नजर बनाए हुए है। पार्टी के एक नेता ने कहा कि कांग्रेस सीट बंटवारे के ऐलान के तुरंत बाद अपनी सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा कर देगी। पार्टी आलाकमान जल्द से जल्द अपने हिस्से वाली सीटों पर नाम तय के पक्ष में है।




साइन इन