मधुबनी में सीओ और नाजिर 30000 रुपये घूस लेते गिरफ्तार, जमीन मालिक से मांगे थे एक लाख
मधुबनी जिले के रहिका के अंचल अधिकारी (सीओ) अभय कुमार और नाजिर आदित्य कुमार को निगरानी विभाग की टीम ने बुधवार को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

मधुबनी जिले में निगरानी विभाग की टीम ने बुधवार को रहिका अंचल अधिकारी अभय कुमार एवं नाजिर आदित्य कुमार को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। दोनों को 30 हजार रुपये की घूस लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। सीओ ने 17000 रुपये, तो नाजिर ने 13000 रुपये की रिश्वत ली। दोनों ने निबंधन कार्यालय में खरीद-बिक्री रोक सूची से जमीन हटाने के नाम पर भूमि मालिक से एक लाख रुपये से ज्यादा की घूस मांगी थी।
इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग एवं जिले के सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक राजन प्रसाद सिंह ने बताया कि मधुबनी गौशाला मोहल्ला के राहुल कुमार की शिकायत पर बुधवार को कार्रवाई की गई। रहिका अंचल स्थित सरकारी आवास से सीओ अभय और नाजिर आदित्य को मधुबनी शहर में 13 हजार रुपये रिश्वत लेते दबोचा गया।
सीओ मुजफ्फरपुर जिला के लखनपुर का रहने वाले हैं जबकि नाजिर मधुबनी के ही आदर्श नगर मोहल्ला का निवासी है। सीओ अभय कुमार करीब 15 महीनों से रहिका अंचल में कार्यरत हैं।
डीएसपी ने बताया कि भारत माला परियोजना-2 में आवेदक राहुल कुमार का जमीन अधिग्रहण किया गया है। अधिग्रहित भूमि के अतिरिक्त जमीन को रोक सूची से हटाने के लिए राहुल कुमार ने आवेदन दाखिल किया था। आवेदन पर निबंधन कार्यालय को रिपोर्ट करने के बदले सीओ ने एक लाख रुपये और नाजिर ने 15 हजार रुपये की मांग की थी। निगरानी विभाग की छापेमारी टीम में सब इंस्पेक्टर शिव कुमार सिंह, मुरारी प्रसाद, रवि शंकर, सुजीत कुमार एवं अन्य पुलिस अधिकारी शामिल थे।




साइन इन