CM Samrat Choudhary first statement says Modi Nitish Model will work in Bihar बिहार में मोदी-नीतीश मॉडल ही चलेगा, मुख्यमंत्री बनते ही क्या बोले सम्राट चौधरी, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार में मोदी-नीतीश मॉडल ही चलेगा, मुख्यमंत्री बनते ही क्या बोले सम्राट चौधरी

बिहार का मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि वह बिहार की तरक्की के लिए काम करेंगे। बिहार में मोदी और नीतीश मॉडल पर ही आगे भी सरकार चलती रहेगी। 

Wed, 15 April 2026 04:26 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
बिहार में मोदी-नीतीश मॉडल ही चलेगा, मुख्यमंत्री बनते ही क्या बोले सम्राट चौधरी

बिहार के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को कहा कि राज्य में मोदी-नीतीश मॉडल पर ही सरकार चलेगी। उन्होंने कहा कि वह तुरंत राज्य की समृद्धि के लिए काम शुरू करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान सम्राट ने कहा कि आज बड़ा दिन है। बिहार में विकास का काम करना है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया और कहा कि कार्यकर्ताओं के बल पर सरकार चलेगी। उनका सम्मान आगे भी बढ़ेगा।

सीएम बनने के बाद सम्राट चौधरी ने स्पष्ट कर दिया कि उनकी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व सीएम नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही चलेगी। बिहार में शासन का मोदी नीतीश मॉडस आगे भी चलता रहेगा। सम्राट बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री हैं। राज्यसभा सांसद बनने के बाद दो दशक तक बिहार की सत्ता के केंद्र में रहे नीतीश कुमार ने मंगलवार को सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद सम्राट को एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया।

बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने बुधवार सुबह पटना स्थित लोकभवन में नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ जेडीयू के दो नेता विजय चौधरी एवं बिजेंद्र यादव ने भी डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। बताया जा रहा है कि मंत्रिमंडल का विस्तार आगामी दिनों में किया जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लव-कुश वोट, समाजवादी बैकग्राउंड; सम्राट ही क्यों नीतीश के उत्तराधिकारी?

लोकभवन में शपथ ग्रहण के बाद सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री सचिवालय पहुंचे और पदभार ग्रहण किया। उन्होंने आला अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद वे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां उनका अभिवादन समारोह आयोजित किया गया। अपनी पार्टी के पहले मुख्यमंत्री बने सम्राट चौधरी का अभिवादन करने को भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी। अव्यवस्था ना हो, इसके चलते पार्टी कार्यालय का गेट बंद करना पड़ा। कई नेताओं ने मंच पर जाकर एक-एक कर सीएम का अभिवादन किया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सम्राट ने 12 साल पहले जीता नीतीश का भरोसा, RJD तोड़कर CM के साथ उड़ गए थे

सम्राट चौधरी के शपथ पर मोदी और नीतीश क्या बोले

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सम्राट चौधरी को बिहार का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। पीएम ने कहा कि सम्राट की ऊर्जा, जनसेवा के प्रति समर्पण और जमीनी अनुभव राज्य के लिए बेहद उपयोगी साबित होने वाला है। उनके नेतृत्व में जनता की आकांक्षाओं को पूरा करते हुए बिहार चौतरफा विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री एवं जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार और तेजी से विकसित होगा। देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में बिहार शामिल होगा।

(हिन्दुस्तान ब्यूरो और एजेंसी इनपुट के साथ)

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बुलडोजर बाबा जिंदाबाद; सम्राट के शपथ लेते ही लगे नारे, अब बिहार में ‘योगी मॉडल’?
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।